The leopard was seen while working in the fields and then caught by the forest department and villagers. sagar tv news |
एमपी के बुरहानपुर के नेपानगर के नया खेड़ा में मंगलवार सुबह दिखे तेंदुए को वन विभाग और ग्रामीणों की मदद से सफलतापूर्वक पकड़ने में सफलता हासिल हुई है। गौरतलब है कि नेपानगर के नया खेड़ा क्षेत्र में मंगलवार सुबह मजदूरों को खेत में काम करने के दौरान एक तेंदुआ दिखाई दिया था। जिसकी सूचना मजदूरों ने वन विभाग के अधिकारियों को की गई थी। जिसके बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से तेंदुए को सफलतापूर्वक पकड़ लिया है।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार तेंदुए का मेडिकल करने के बाद इसे अभ्यारण भिजवाया जाएगा। वन अफसरों के अनुसार तेंदुए ने एक गाय का शिकार किया और उससे कुछ ही दूरी पर दुबक कर बैठा हुआ था। ग्रामीण उसके पास जा रहे थे, लेकिन किसी प्रकार की हरकत नहीं कर रहा था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को नेपानगर रेंज कार्यालय लाया गया। यहां डॉक्टरों से उपचार कराया जा रहा है। अगर स्थिति में सुधार नहीं होता तो उसे इंदौर भेजा जाएगा।
वन विभाग बुरहानपुर एसडीओ अजय सागर ने बताया मंगलवार दोपहर ग्रामीणों से सूचना मिली कि नावरा रेंज के नयाखेड़ा क्षेत्र में एक केले के खेत में तेंदुआ बैठा हुआ है, लेकिन वह आधी बेहोशी की हालत में था। एसडीओ ने बताया या तो उसे सांप ने काटा होगा या अन्य कोई कारण है। इसकी जांच कराई जा रही है। कुछ ही देर पहले उसने एक गाय का शिकार भी किया था। रेंजर तरूण अनिया ने बताया तेंदुए का उपचार कराया जा रहा है।
स्थिति में सुधार नहीं होने पर इंदौर भेजा जाएगा। नेपानगर, नावरा क्षेत्र में घना जंगल है। इसके कारण यहां वन्यप्राणियों की संख्या अधिक है। अकसर यहां तेंदुए नजर आते हैं। कुछ समय पहले ही एक तेंदुए ने ग्रामीणों पर हमला किया था तब वन विभाग ने उसका रेस्क्यू कर खकनार के जंगलों में छोड़ा था। गौरतलब है कि जिले की सीमा देड़तलाई, खकनार के पास से टाइगजर रिजर्व मेलघाट क्षेत्र से सटी है। इसके कारण यहां अकसर वन्य प्राणी देखे जाते हैं।