Sagar: A sudden fire broke out in the cable of the transformer and then. sagar tv news |
सागर जिले के खुरई के बीना रोड स्थित एमपी एग्रो के पास सड़क पर लगे ट्रांसफार्मर की केबिल में अचानक से आग लग गई। आग की वजह से आसपास की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। रातभर से बिजली गुल होने से लोग परेशान हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार गर्मी की वजह से ट्रांसफार्मर में अचानक से लोड बढ़ जाने से खुरई के एमपी एग्रो के पास लगे ट्रांसफार्मर की केबिल में आग लग गई। देखते ही देखते आग बढ़ने लगी। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी बिजली विभाग को दी।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों और लोगों ने पानी से आग को बुझा दिया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो आग ट्रांसफार्मर तक पहुंच जाती तो बड़ी घटना हो सकती थी। करीब आधे घंटे तक तारों में आग लगी रही। इसके बाद सुधार कार्य शुरू कर दिया गया लेकिन रातभर से बिजली गुल होने से लोग परेशान हो रहे हैं। वार्डवासी सोनू पालीवाल, मचल सिंह ठाकुर ने बताया कि रातभर से बिजली गुल है। इसकी शिकायत भी बिजली विभाग में की है।
रातभर से लाइट नहीं होने की वजह से सभी लोग परेशान हैं। बुधवार की सुबह तक भी लाइट नहीं आई है। बिजली कंपनी के अधिकारियों की मानें तो गर्मी बढ़ने से इसका प्रभाव ट्रांसफार्मर और केबल पर पड़ रहा है। अधिक दबाव पड़ने के कारण ट्रांसफार्मर, तो कहीं बिजली की केबल में आग लगने के मामले सामने आ रहे हैं। ट्रांसफॉर्मर जलने और बिजली के खंबों से चिंगारियां निकलने से बिजली सप्लाई बंद की जा रही है।