8 year old child bitten by dog in Sagar and sad news came after 1 month
सागर जिले के खुरई में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां शहर की मस्जिद के पास एक माह पहले आठ साल के मासूम बच्चे पर कुत्ते ने हमला कर दिया था, उसे कुत्ते से छुड़ाने के लिए पिता को भी कुत्ते ने काट लिया था। एक माह बाद बेटे ने इलाज के दौरान दम तोड दिया। इस घटना से सभी लोग दुखी हैं। मृतक बालक के चाचा सत्यम सोनी ने बताया कि उनके भाई ग्राम पंचायत सचिव चंद्रशेखर सोनी और उनके 8 साल के मासूम बेटे शुभ उर्फ संस्कार सोनी निवासी प्रताप वार्ड को करीब एक माह पहले मस्जिद के पास बाइक पर निकलते समय शुभ सोनी पर कुत्ते ने हमला कर दिया था। बेटे को बचाने के चक्कर में पिता को भी कुत्ते ने काट लिया था।
उस दिन कुत्ते ने एक भैंस, एक बछिया सहित पांच लोगों को काटा था। कुत्ते के काटने के बाद खुरई सिविल अस्पताल में उसे रैबीज के इंजेक्शन लगाए गए थे। इसके बाद वह ठीक हो गया था। वह 15 दिन से स्कूल भी जा रहा था। तीन दिन पहले ही उसे अचानक बुखार हुआ, उल्टियां होने लगी। ज्यादा हालत खराब होने पर उसे सागर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी तबियत और ज्यादा बिगड़ने पर उसे भोपाल रेफर कर दिया गया। भोपाल ले जाते समय रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड दिया। वह खुरई के निजी स्कूल में कक्षा तीसरी का छात्र था। बच्चे के निधन के बाद परिजन और नगर के लोग इस घटना से काफी दुखी हैं।
मृतक बालक के चाचा सत्यम सोनी ने बताया कि उसके भतीजे पर जब कुत्ते ने हमला किया था। तब से उसका इलाज चल रहा था। इलाज के कारण वह करीब एक माह से नमक तक नहीं खा रहा था। वह दो बहनों में एक भाई था। घर में सबका लाडला था। उसके चले जाने से पूरा घर और आसपास के लोग काफी दुखी हैं। मृतक संस्कार सोनी के साथ में पढ़ने वाले छात्र अव्यान चौरसिया ने बताया कि संस्कार पढ़ने में काफी होशियार था और कक्षा का टॉपर भी था। जब से यह खबर सुनी है बहुत ही खराब लग रहा है।