The bus was going from Indore to Rewa near Bhapel in Sagar and then, 10 passengers reached the hospital. sagar tv news |
सागर में भापेल के पास इंदौर से रीवा जा रही थी बस और फिर, 10 यात्री पहुंचे अस्पताल
सागर के भोपाल रोड पर मंगलवार को भापेल के पास इंदौर से रीवा जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना देख बस में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में करीब 10 यात्री घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार बस क्रमांक एमपी 19 पी 2856 इंदौर से सवारियां लेकर रीवा जा रही थी।
बस भोपाल से रवाना होकर सागर पहुंचने वाली थी। इसी दौरान भापेल के पास अचानक बस अनियंत्रित हुई और पलट गई। घटना के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे। घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मोतीनगर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना में चार यात्रियों को गंभीर चोटे आई हैं। अन्य यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
बस में सफर कर रहे यात्री प्रद्युम अहिरवार ने बताया कि पत्नी प्रतिमा के साथ बस में सफर कर रहा था। ड्राइवर तेज गति में बस चला रहा था। अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में मुझे और पत्नी को हाथ-पैर में चोटे आई हैं। मामले में मोतीनगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।