Sagar Collector and SP reached flood affected areas, instructions to conduct damage survey,
सागर कलेक्टर और एसपी बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में पहुंचे, नुकसानी का सर्वे कराने के निर्देश,
सागर जिले में हो रही मूसलाधार बारिश से जिले के कई गांवों में बाढ़ की स्थिति बनी है। घरों में पानी भर गया तो कुछ लोग पानी के बीच फंसे गए। जिन्हें रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया है। जिले में जलभराव की स्थिति बनने पर कलेक्टर दीपक आर्य, पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने टीम के साथ जल भराव और बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण किया। कलेक्टर दीपक आर्य ने तत्काल रूप से सर्वे दल का गठन कराया और निर्देश दिए है कि सर्वे दल जल्द सर्वे करें। जिससे कि सर्वे रिपोर्ट शासन को भेजी जा सके और प्रभावितों को नुकसानी की मुआवजा राशि का वितरण कराया जा सके।
कलेक्टर आर्य ने निर्देश दिए कि जल भराव वाले क्षेत्रों में व्यक्तियों को राहत कैंप में ठहराएं और स्वास्थ्य शिविर लगाकर सभी का स्वास्थ्य परीक्षण करें। प्रभावितों को तत्काल रूप से भोजन उपलब्ध कराया गया है। सूखे राशन की भी व्यवस्था की जा रही है। साथ में हल्दी, नमक, तेल, मिर्च, शक्कर, पत्ती, आटा, चावल भी प्रदान किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रभावित व्यक्ति को कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। कलेक्टर आर्य ने बताया कि जल भराव वाले क्षेत्र की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। जिससे नुकसान की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके। जलभराव वाले ग्रामों में राहत कैंप स्कूल भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवनों में बनाए गए हैं। जहां समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई गई हैं।
राहत कैंप में प्रभावित परिवारों को लाकर ठहराया गया है। कलेक्टर और एसपी ने नरयावली विकासखंड के ग्राम जेरई, बीना विकासखंड के ग्राम बिल्धव, गाडोली, वेदई ग्रामों में जल प्रभावित जल भराव क्षेत्रों का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने प्रभावित व्यक्तियों से चर्चा की और तत्काल वहां से अन्यत्र उनको राहत कैंप पर लाकर शिफ्ट कराया गया। बिल्हौर ग्राम के प्रभावित व्यक्तियों को पंचायत भवन, स्कूल भवन में राहत कैंप लगाए गए हैं। जहां रुकने व खाने की व्यवस्था कराई गई है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मकान टूटने, सामग्री नष्ट होने का भी सर्वे किया जाए।
बंडा विकासखंड के उल्दन बांध का पानी ग्राम सलैया, बहरोल, उल्दन की निचली बस्तियों में आ जाने से वहां जल भराव की स्थिति निर्मित हुई है। जिससे कि एसडीएम गगन बिषेन, तहसीलदार जीएस राय मौके पर पहुंचे और निचली बस्तियों के करीब 70 परिवारों को जल भराव क्षेत्र से बाहर निकाला गया। उनको पंचायत भवन, आंगनवाड़ी, स्कूल भवन में राहत कैंप तैयार किए गए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने निर्देश दिए कि जल भराव क्षेत्र में संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। राहत कैंप जो बनाए गए हैं, उन में भी पुलिस तैनात रहे। जिससे की सुरक्षा बनी रहे। वहीं जल भराव प्रभावित ग्राम पंचायत बहरोल बंडा में रेस्क्यू किए गए। परिवारों को शासकीय स्कूल भवन बहरोल में रुकवाया गया। कलेक्टर दीपक आर्य के निर्देश पर एसडीएम गगन विशेन् जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवास घनघोरिया ने भोजन पानी इत्यादि व्यवस्थाये की गई।