Dhanas grandfather and granddaughter were hit by BJP leaders car in Sagar, grandfather died, granddaughter in hospital
सागर के सुरखी थाना की ढाना पुलिस चौकी क्षेत्र में मंगलवार को भाजपा नेता की कार ने बाइक सवार दादा-पोती को टक्कर मार दी। टक्कर में बाइक सवार दादा और पोती गंभीर घायल हुए। घटना देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को भाजपा नेता की कार से बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
जहां डॉक्टरों ने चेकअप के बाद दादा को मृत घोषित कर दिया। वहीं पोती को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है। जानकारी के अनुसार बाबूलाल पिता नन्हें भाई सौर उम्र 65 साल निवासी बन्नाद अपनी पोती आरुषी पिता रमेश सौर उम्र 10 साल के साथ बाइक से ढाना की ओर आ रहे थे।
वहीं भाजपा नेता अर्पित पांडेय की कार रहली की ओर जा रही थी। तभी अचानक बाइक सामने आ गई और टक्कर हो गई। दुर्घटना के समय कार में ड्राइवर और मुनीम सवार थे। उन्होंने घटना देख तत्काल घायलों को गाड़ी में बैठाया और अस्पताल लेकर पहुंचे।
लेकिन तब तक बाबूलाल सौर की मौत हो चुकी थी। घायल आरुषी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटनाक्रम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाया। वहीं मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।