After an argument with a scrap merchant, a bullet was fired, four days later the police caught the accused. sagar tv news |
सागर जिले के खुरई में चार दिन पहले कबाड़ा व्यापारी के ड्राइवर पर गोली चलाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल एक नाबालिग आरोपी अभी फरार है। आरोपी ने पुरानी बुराई के चलते कबाड़ा व्यापारी पर गोली चलाई थी लेकिन गोली उसके ड्राइवर को लग गई थी। जिससे ड्राइवर घायल हो गया था।
खुरई शहरी थाना प्रभारी शशि विश्वकर्मा ने बताया कि 9-10 अगस्त की दरमियानी रात गोलू अहिरवार की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद घटना स्थल सागर नाका चौराहा के पास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए लेकिन वहां से कोई सफलता नहीं मिली।
जब फरियादी से पूछा गया कि घटना स्थल सही नहीं है तो फिर बताया गया कि राहतगढ़ रोड स्थित ऑडिटोरियम के पास घटना हुई थी। पुलिस ने ऑडिटोरियम के आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरे देखना शुरू कर दिए। जिसमें संदिग्ध आरोपी अभिषेक पिता कमल अहिरवार(21) निवासी गढ़ौला जागीर हाल निवासी भोपाल को पकड़ा गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। जिसमें आरोपी ने बताया कि ऑडिटोरियम के पास पुरानी बुराई को लेकर गोलू अहिरवार से बहस हुई थी। इसी दौरान उसने गोलू पर गोली चलाई थी लेकिन गोली उसे न लगकर उसके ड्राइवर सहबाज को लग गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उससे एक अवैध देशी कट्टा भी जब्त किया है।