While playing in the ocean, the child swallowed a coin, came out of the ocean with the help of a doctor. sagar tv news |
सागर में रहली जनपद के ग्राम निवारी में 3 वर्षीय बालक ने खेल-खेल में 5 रुपए का सिक्का गटक लिया। सिक्का गले में जाकर फंस गया। मामले की जानकारी लगी तो परिवार वाले घबरा गए। तुरंत रात में ही बच्चे को लेकर रहली स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां डॉक्टर ने बालक का चेकअप किया। लेकिन उसे सांस लेने में तकलीफ नहीं हो रही थी। जिसके बाद बच्चे को घर भेज दिया गया।
दूसरे दिन बच्चे को वापस अस्पताल बुलाया गया। जहां इलाज कर बच्चे के गले में फंसा सिक्का सुरक्षित बाहर निकाला गया। दरअसल, ग्राम निवारी निवासी निर्मल अहिरवार उम्र 3 साल ने घर में खेलते समय 5 रुपए का सिक्का निगल लिया। सिक्का में गले में जाकर फंस गया। परिवार के लोग बच्चे को लेकर रहली अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टर संदीप असाटी ने बच्चे का एक्स-रे कराया।
एक्स-रे में सिक्का गले में अटका हुआ दिखाई दिया। जिसके बाद पोजीसन टेस्ट की गई। जिसमें पता चला कि सिक्का गले में अटका हुआ है। वह न तो नीचे जा रहा था और न ही ऊपर आ रहा था। जिसके बाद फोलिस कैथेटर (गुब्बारे से युक्त रबड़ के पाइप के उपकरण) को नाक से अंदर डाला और अंदर डालने के बाद इंजेक्शन से 7 एमएल हवा भरी।
कैथेटर के अंदर लगा हुआ बैलून फूल गया और फिर धीरे-धीरे उसका बाहर की ओर खींचना शुरू किया। जिसकी मदद से गले में फंसा सिक्का धीरे-धीरे मुंह से बाहर निकाल लिया गया। सिक्का निकलने के बाद बच्चा पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ है।
डॉक्टर ने बताया कि आमतौर पर बच्चों को परिवार वाले सिक्के दे देते हैं। बच्चे खेल-खेल में सिक्के मुंह में डाल लेते हैं और गटक भी जाते हैं। परिवार वालों को बच्चों के लिए सिक्के देने से बचना चाहिए।