MP | The team that arrived with 7 JCBs and 3 Poklane machines took three hours to demolish the house. , sagar tv news |
इंदौर में कब्जा हटाने गए तहसीलदार और पटवारी पर फायरिंग करने वाले आरोपी का घर पुलिस ने ढहा दिया है। रविवार सुबह 5 बजे से कार्रवाई शुरू हुई। कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि फायरिंग करने वाले आरोपी सुरेश पटेल व अन्य के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की जा रही है। ऐसी घटना कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरोपी सुरेश पटेल की कोठी को ढहाने में 7 जेसीबी और 3 पोकलेन मशीन लगाई गई थीं। करीब तीन घंटे में उसे ध्वस्त कर दिया गया।
दरअसल, 14 अगस्त बुधवार को अरबिंदो हॉस्पिटल की जमीन से कब्जा हटाने गए तहसीलदार और पटवारी पर वहां मौजूद गार्ड ने फायरिंग कर दी थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे जैसे ही कब्जे पर बुलडोजर चला तो सिक्योरिटी गार्ड ने 12 बोर बंदूक से गोलियां चलानी शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गार्ड ने करीब 25 से 30 राउंड गोलियां चलाईं। जानकारी के मुताबिक जिस जमीन से कब्जा हटाया जा रहा था वह ED में अटैच है। गार्ड को पकड़ लिया गया था। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान सुरेश पटेल भी मौजूद था।
इस गोली कांड की जानकारी प्रदेश सरकार तक पहुंच गई है। इस बीच मल्हारगंज क्षेत्र के नायब तहसीलदार जितेंद्र वर्मा ने रिटायरमेंट के लिए आवेदन दिया है। उनके इस कदम को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। क्योंकि तहसीलदार शैवाल सिंह और टीम के साथ नायब तहसीलदार जितेंद्र वर्मा भी कब्जा हटाने पहुंचे थे। उनके साथ पटवारी प्रदीप चौहान और मयंक चतुर्वेदी भी थे।
एफआईआर में जितेंद्र वर्मा की मौजूदगी का भी जिक्र है। वीडियो में वे जान बचाकर भागते हुए भी नजर आ रहे हैं। नायब तहसीलदार के नजदीकी लोगों का कहना है कि वे हार्ट पेशेंट हैं। उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता है। उन्होंने डॉक्टरों की सलाह पर वीआरएस मांगा है।