An accident happened with a bus full of passengers, 5 passengers will never return home. sagar tv news |
यात्रियों से भरी बस के साथ हुई अनहोनी, 5 मुसाफिर अब कभी घर नहीं लौटेंगे
भोपाल से हैदराबाद जा रही यात्री बस गुरुवार रात करीब साढ़े 10 बजे एमपी के छिंदवाड़ा के पांढुर्णा के मोहि घाट पर पलट गई। हादसे में अब तक 5 लोगों की जान चली गई है।जबकि 39 घायल हैं। इनमें से 16 लोगों के गंभीर हालत में नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं, पुलिस ने बस ड्राइवर पर केस दर्ज कर लिया है। SDOP बृजेश भार्गव ने बताया कि भोपाल से हैदराबाद जा रही वर्मा कंपनी की बस नंबर- CG 07 CG 2871 तिगांव के मोहि घाट पर पहले डिवाइडर से टकराई। इसके बाद एक छोटी पुलिया को तोड़कर 20 से 25 फीट गहरी खारी में गिर गई।
मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। घायलों के मुताबिक सभी लोग नींद में थे। जैसे ही बस पलटी तो चीख-पुकार मच गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। डॉक्टर मिलिंद गजभिए के मुताबिक, अस्पताल पहुंचे सभी घायलों का बगैर समय गंवाए इलाज शुरू किया। कुल 18 घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद अलग-अलग वाहनों से नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इनमें से भी दो लोगों की मौत हो चुकी है। भोपाल से हैदराबाद जा रहे रोहित कुमार ने बताया कि ड्राइवर ने एक ढाबे पर खाना खाने के लिए बस रोकी थी।
यहां सभी यात्रियों ने खाना खाया। इसके बाद बस रवाना हो गई और महज 20 मिनट बाद ये हादसा हो गया। हादसा ज्यादा बारिश होने के कारण हुआ होगा। बस में सवार होकर भोपाल से पांढुर्णा आ रहे बस यात्री अभिजीत कडू, सोहम कडू ने बताया कि बस की स्पीड 110 से 120 किमी प्रति घंटे की थी। साथ ही बारिश लगातार जारी थी। इस दौरान यह हादसा हुआ। हादसे के बाद मोहि घाट के बंदरिया ढाबा संचालक संदीप गांजरे अपने स्टाफ के साथ सबसे पहले घटनास्थल पहुंचे। इसके बाद घायलों को बाहर निकालकर लहूलुहान हालत में अपने निजी वाहन से पांढुर्णा सिविल अस्पताल पहुंचाया।