For the second time in 5 years, rainfall in Sagar crosses 1200 mm, yellow alert issued. sagar tv news |
सागर में 5 साल में दूसरी बार बारिश 1200 मिमी के पार, यलो अलर्ट जारी
इस साल मानसून की मेहरबानी से एक माह पहले ही सीजन के दौरान 4 माह में होने वाली आैसत बारिश का कोटा एक माह पहले ही पूरा हो गया है। रविवार को 1 जून से अब तक की बारिश का आंकड़ा 1200 मिमी को पार कर गया। अभी इस सीजन के 43 दिन बाकी रह गए हैं। 2020 से लेकर अब तक दूसरी बार है जब बारिश का आंकड़ा 1200 मिमी को पार हुआ है। 2022 में 1238 मिमी बारिश हुई थी। इस साल अब तक 1221.3 मिमी बारिश हो चुकी है।
यह पूरे सीजन के दौरान होने वाली 1130.5 मिमी बारिश से 90.8 मिमी ज्यादा है। अगले 24 घंटों के दौरान भी तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 वर्तमान में पश्चिमोत्तर मध्य प्रदेश और संलग्न पूर्वी राजस्थान के ऊपर तीव्र निम्न दाब का क्षेत्र (डिप्रेशन) 24.5 डिग्री उत्तर अक्षांश 76.8 डिग्री पूर्व देशांतर पर गुना से 60 किमी दक्षिण-पश्चिम में केंद्रित है। 27 अगस्त तक इसके और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में परिवर्तित होते हुए दक्षिण-पश्चिम दिशा में गति करने की संभावना है। साथ ही मानसून ट्रफ उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश के ऊपर डिप्रेशन के केंद्र से बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व तक विस्तृत है।
अगले 24 घंटों के दौरान िजले में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। जिले में इस सीजन में अभी तक 1004.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से अब तक बीना केन्द्र पर सर्वाधिक 1516.4 मिमी बारिश हुई है। अधीक्षक भू-अभिलेख के अनुसार खुरई में 1347.8, सागर में 1212.9, मालथौन में 1113.9, देवरी में 1021.4 तथा केसली में 1005.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जबकि जैसीनगर, राहतगढ़, बंडा, शाहगढं, गढ़ाकोटा तथा रहली में 650 से 917 मिमी के बीच बारिश हुई है।
शुक्रवार की रात से शुरू हुई बारिश के दौर से दिन और रात के तापमान में गिरावट तथा मौसम में ठंडक आई है। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3 डिग्री कम है। जबकि न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री रहा। यह सामान्य है। 24 घंटे के दौरान शहर में 28.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। एक दिन पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री दर्ज किया गया था। आईएमडी भोपाल ने सोमवार को जिले में यलो अलर्ट जारी किया है।