Tu-tu main-main between woman councilor and president in Sagar Corporation, Congress councilors boycotted
सागर नगर निगम का साधारण सम्मेलन मंगलवार को आयोजित किया गया। जिसमें विधायक शैलेंद्र जैन और सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े शामिल हुईं। सम्मेलन की शुरुआत ही गहमागहमी के साथ हुई। साहूकार लाइसेंस के मुद्दे को लेकर चल रही चर्चा के दौरान निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने भाजपा महिला पार्षद रेखा नरेश यादव को बैठने का बोल दिया। साथ ही कहा कि आप दो साल बाद बोल रही हैं। यह बात सुन महिला पार्षद भड़क गई।
जिसके बाद पार्षद और निगम अध्यक्ष के बीच जमकर नोकझोंक और गहमागहमी हुई। मामला जैसे-तैसे शांत हुआ। सम्मेलन की कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया। इसी बीच निगम अध्यक्ष ने कार्रवाई के दौरान मातृशक्ति शब्द बोला तो महिला पार्षद ने कहा आपके मुंह से मातृशक्ति शब्द बोलना उचित नहीं लगता है। इसके बाद फिर बहस शुरू हुई। दोनों तरफ से नोकझोंक की स्थिति बनी।
पार्षद ने कहा कि गुंडाराज मचा रखा है। महिलाओं को बोलने नहीं दिया जा रहा है। मातृशक्ति को मजबूत नहीं होने दिया जा रहा है। विधायक शैलेंद्र जैन ने स्थितियों को देखते हुए पार्षद और निगम अध्यक्ष को शांत कराया। इस दौरान पार्षद रेखा यादव ने कहा कि ये मुझसे शॉरी बोलेंगे, मैं इन्हें छोड़ने वाली नहीं हूं। जिस पर अध्यक्ष ने कहा कि मैं किस बात पर शॉरी बोलूंगा।
हालांकि दूसरे पार्षद और विधायक के दखल के बाद मामला शांत हुआ। कार्रवाई आगे बढ़ाने की बात कही गई। तभी नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि पहले आप लोग आपस के मुद्दे सुलझा लो। फिर बात करेंगे।
जिसके बाद कांग्रेस पार्षदों ने सम्मेलन के बहिष्कार की घोषणा की और सभाकक्ष से बाहर चले गए। कांग्रेस पार्षदों के बाहर जाने के बाद सम्मलेन की कार्रवाई दोबारा शुरू की गई। जिसमें पार्षदों ने अपने वार्डों की समस्याएं रखीं।