Negligence of the teacher posted in Sagar School had come to light. Villagers made these allegations. sagar tv news |
मध्यप्रदेश के सागर जिले के बिना की सरकारी स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों के नित नए मामले रोजाना सामने आ रहे हैं। ऐसे ही बीना के परसोरा गांव के प्राथमिक स्कूल में पदस्थ शिक्षक रामकिशोर दुबे आए दिन शराब के नशे में स्कूल आते हैं और बच्चों से अभद्र व्यवहार करते हैं। स्कूल के कई वीडियो सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
परसोरा गांव के ग्रामीणों ने प्राथमिक स्कूल में पदस्थ शिक्षक रामकिशोर दुबे पर आरोप लगाते हुए अधिकारियों से शिकायत कि थी कि शिक्षक रामकिशोर दुबे आए दिन शराब के नशे में स्कूल आते हैं और बच्चों से अभद्र व्यवहार करते हैं। शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं की जाती है। शिक्षक बच्चों से हाथ, पैरों में मेहंदी लगवाते हैं। ग्रामीणों ने शराबी शिक्षक को हटाने की मांग की थी और ऐसा न होने पर बच्चों के नाम स्कूल से कटवाने की भी चेतावनी दी थी।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद बीआरसीसी महेंद्र जाट ने स्कूल जाकर जांच की और जांच प्रतिवेदन में शराब का सेवन कर संस्था में अनियमित रूप से उपस्थित होने की बात सामने आई। साथ ही अध्यापन कार्य नहीं कराया जाना, दैनिक रिपोर्ट तैयार नहीं की जाना, साफ-सफाई न होना, कक्षों में अनावश्यक सामग्री भी मिलने का उल्लेख था।
अनियमितताओं के चलते जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बीना बीआरसी महेंद्र जाट ने बताया कि शिक्षक की कई शिकायतें सामने आने के बाद जांच टीम का गठन कर जांच कराई गई थी। जांच में कई ऐसे बिंदु सामने आए जिसमें शिक्षक दोषी पाया गया था। जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी गई थी। रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है।