तीन दोस्तों ने मिलकर मामूली झ-गड़े के बाद युवक नहीं पहुंचने दिया घर | sagar tv news |
एमपी के बैतूल के शाहपुर ब्लाक के ग्राम बानाबेहड़ा में शनिवार को एक युवक की सिर कुचलकर की गई हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। जानकारी के मुताबिक मामूली विवाद पर तीन दोस्तों ने मिलकर युवक की हत्या की थी। उन्होंने हत्या से पहले मृतक को शराब भी पिलाई थी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक की तलाश की जा रही है। एसडीओपी मयंक तिवारी ने बताया कि शनिवार सुबह बानाबेहड़ा के भूता धुर्वे ने सुबह करीब 6 बजे सूचना दी कि उसका रिश्तेदार सुरेश उईके, जो खेत जा रहा था सम्मू मरकाम के खेत के पगडंडी पर चित अवस्था में पड़ा मिला है।
सुरेश के सिर और चेहरे पर चोटें लगी थीं और खून बह रहा था। उसके पास एक पत्थर पड़ा था। जबकि सुरेश उईके की मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने इस मामले में मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट को बुलवाकर जांच करवाई। मृतक के बारे में जानकारी जुटाने पर पता चला की वह 6 सितंबर को राजेश नागले और उसके दो दोस्तों के साथ गांव में देखा गया था। यह बात भी सामने आई की उससे एक दिन पहले मृतक सुरेश का राजेश और उसके दोस्तों के साथ झगड़ा हुआ था।
थाना प्रभारी जयपाल इनवाती के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें उपनिरीक्षक संदीप परतेती, सउनि ओमप्रकाश गढ़वाल, आरक्षक नीरज, विनय, प्रताप, धीरज, और शिवेन्द्र शामिल थे। टीम ने ग्राम चिखल्दा बुजुर्ग में राजेश नागले के घर पहुंचकर उसकी तलाशी ली, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। राजेश के भाई मुकेश नागले से पूछताछ करने पर राजेश के मोबाइल और उसके दोस्त के मोबाइल के बारे में जानकारी मिली।
टीम ने सतीष लविस्कर और आशीष लविस्कर को ग्राम कास्दा खुर्द में पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने दोस्त राजेश नागले के साथ मिलकर सुरेश उईके की हत्या की थी। राजेश नागले इटारसी की ओर भाग गया है, जिसकी तलाश जारी है। शाहपुर पुलिस द्वारा दोनों आरोपी को जिला न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।