सागर में तेज बारिश के बीच भगवान गणेश जी की प्रतिमाओं का विसर्जन | sagar tv news |
अनंत चतुर्दशी के मौके पर सागर जिले के खुरई में तेज बारिश के बीच भगवान गणेश जी की प्रतिमाओं का विसर्जन देर रात तक किया गया। इसके साथ ही 10 दिनी गणेश उत्सव का समापन हो गया। भगवान गणेश प्रतिमाओं की पूजा अर्चना के बाद स्थानीय नदियों में उन्हें विसर्जन किया गया। गणेश चतुर्थी पर मूर्ति स्थापना के बाद 10 दिनों तक उनका हर्षोल्लास से पूजन किया गया। दस दिन तक चले गणोशोत्सव का समापन मंगलवार को हुआ और धूमधाम से बारिश के बीच प्रतिमाएं विसर्जित की गईं। नरेन नदी पर सुरक्षा के बीच प्रतिमाएं कुंड में विसर्जित की गईं।
पंडालों में हवन, पूजन हुआ और बैंड, बाजों, डीजे व अखाड़ों के साथ चल समारोह निकलना शुरू हुए। ट्रैक्टर-ट्रॉली, कार, ऑटो, हाथ ठेले सहित अन्य वाहनों में श्रद्धालुओं ने गणपति जी की प्रतिमाएं विराजित कर झांकियां सजाई थीं और जयकारों के साथ मुख्य मार्गों से नाचते हुए नरेन नदी पहुंचे। नदी पर बड़ी प्रतिमाएं क्रेन के माध्यम से विसर्जित की गईं, तो छोटी प्रतिमाएं वहां मौजूद कर्मचारियों ने विसर्जित की।
सुरक्षा की दृष्टि से घाट से पहले ही बैरिकेड्स लगाए गए थे और घाट से पहले ही कर्मचारियों द्वारा प्रतिमाएं लेकर विसर्जित की गईं। चल समारोह देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मुख्य मार्गों, चौराहे पर पहुंचे थे। प्रतिमाएं विसर्जन करने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। शहर के मुख्य मार्गों और घाट पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे शांतिपूर्ण तरीके से विसर्जन संपन्न हुआ। नपा कर्मचारियों की ड्यूटी घाट पर लगाई गई थी, जिसमें गोताखोर भी शामिल थे।ग्रामीण क्षेत्रों में बीना नदी में भगवान गणेश जी की प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। भगवान गणेश जी की प्रतिमाओं का विसर्जन देर रात तक चलता रहा।