Sagar-आम जनता गड्डों वाली सड़क से निकलने को मजबूर,CM को सब दुरुस्त दिखाने सीमित क्षेत्र सुधार रहे
27 सितंबर को सागर में होने जा रही पहली रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव के पहले सड़कों की मरम्मत, गड्डों को भरने, डिवाइडर, दीवारें रंगने, उखड़े हुए पेड़-पौधे वापस लगाने का काम किया जा रहा है। यह काम सिर्फ उसी सीमित क्षेत्र में किया जा रहा है, जिस रूट से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और अन्य उद्योगपति आएंगे-जाएंगे। इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव पीटीसी ग्राउंड से होना है, ऐसे में सड़कों पर सुधार और चमकाने का यह काम सिर्फ नगर निगम कार्यालय से लेकर पिंपलापुर रोड, सिविल लाइन, विवि रोड पर ही किया जा रहा है। जबकि शहर के अन्य हिस्सों में सड़कें जस की तस पड़ी हुई हैं। यहां न गड्ढों को भरा जा रहा है न ही डिवाइडर रंगे जा रहे हैं। इतना ही नहीं सड़कों पर जो मिट्टी- मुरम के ढेर लगे हुए हैं, उन्हें भी नहीं हटाया गया है।
नगर में एक सीमित क्षेत्र में काम पर लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री और उद्योगपतियों को सब कुछ अच्छा दिखाने के लिए यह किया जा रहा है। जबकि शहर की अधिकांश सड़कें बारिश में खराब हो गई हैं। जगह-जगह मलबा के ढेर लगे हुए हैं, जिन्हें हटाने का काम तक नहीं किया जा रहा है। शहर के सबसे व्यस्ततम बाजार कटरा में डीडी कॉम्प्लेक्स के सामने नाली खुदी पड़ी है और मलबे का ढेर 15 दिन से लगा हुआ है
नगर निगम के सामने जिस सड़क और डिवाइडर, दीवारों की सूरत बदलने का काम किया गया है, उससे महज 300 मीटर की दूरी पर ही गर्ल्स कॉलेज चौराहे पर सड़क पर गड्डा है। इसे जहां का तहां छोड़ दिया गया है। इसी प्रकार आदर्श संगीत महाविद्यालय के बाजू से बनी सड़क के सामने जो पुलिया है, उस पर मिट्टी- मुरम के ढेर एक पखवाड़े से लगे हुए हैं। यहां नाली भी खुली पड़ी । दीनदयाल प्रतिमा के जिला अस्पताल रोड के मुहाने पर पूरी सड़क बारिश में उखड़ गई है। इसे भी सुधरवाने का काम नहीं कराया गया है। यही हाल राधा तिराहा के गड्डे का भी है।