सागर-बांस से शुरू किया स्टार्टअप मुख्यमंत्री ने डेढ़ लाख का चेक देकर किया सम्मानित
सागर में हैकाथॉन में देशभर के पंजीयन कराने वाले 600 स्टार्टअप में सतना का बेंबू वर्ल्ड पहले स्थान पर रहा। दो युवाओं द्वारा चलाए जा रहे इस स्टार्टअप ने इसी साल 24 जून को पंजीयन कराया था। यानी दो महीने बाद ही डेढ़ लाख का पहला पुरस्कार हासिल कर लिया। बड़ी बात यह कि देशभर से आए 600 स्टार्टअप में पहले तो 60 स्टार्टअप में चुना गया। इसके बाद इन 60 में सबसे श्रेष्ठ चुना गया। स्टार्टअप के संस्थापक सुजीत तिवारी ने बताया कि सतना में एकेएस यूनिवर्सिटी से एमबीए एचआर करते हुए यह आइडिया आया था।
हुआ यह कि 2020-21 में प्लास्टिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही थी। प्रशासन सख्ती से इसे रोक रहा था। ऐसे में प्रश्न आया कि यदि प्लास्टिक नहीं होगा तो रोजमर्रा के जीवन में उपयोग आने वाली सामग्री का विकल्प क्या होगा? इसी प्रश्न का उत्तर ढूंढने का प्रयास किया तो सबसे पहले बांस ही विकल्प के रूप में सामने आया। इसके बाद शोध शुरू किया। दो साल तक शोध करने के बाद बांस की सामग्री बनाना शुरू किया। सहपाठी रवि सिंह भी साथ आए।
सतना के इन्क्यूबेशन सेंटर पर 24 जून 2024 को पंजीयन कराया। इसके बाद रोज सुबह से शाम तक उपयोग में आने वाली सामग्री बनवाना शुरू किया। बेंबू वर्ल्ड स्टार्टअप को सागर रीजनल कॉन्क्लेव में पहला पुरस्कार तो मिला ही साथ ही स्टार्टअप में निवेश करने का प्रस्ताव भी मिला है। हालांकि यह प्रस्ताव अभी प्राथमिक स्थिति में है। अभी बातचीत होने के बाद कोई निर्णय होगा। यह निवेश कितना और किस तरह होगा। इसके लिए चर्चा शुरू हो गई है। टूथब्रश और दैनिक उपयोग की सामग्री, सेफ्टी रेजर, पानी बॉटल, मग के साथ बाथरूम में उपयोग होने वाली सामग्री, पेन, डायरी, सजावटी सामग्री, हॉस्पिटल केयर के साथ किचिन केयर, पर्सनल केयर।