सागर-रिश्ते के चाचा ने दो साथियों के साथ मिलकर चुराए 9 लाख रुपए और जेवरात बरामद | sagar tv news |
खुरई के ऋषभ कुमार वार्ड में पिछले दिनों हुई अजीबो-गरीब चोरी के मामले का शहरी पुलिस ने खुलासा किया है। जिसमें मकान मालिक के दूर के रिश्ते के चाचा ने अपने दो साथियों के शौक पूरे कराने के लिए तीनों ने मिलकर लाखों रुपए की चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
खुरई शहरी थाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उइके ने चोरी का खुलासा करते हुए बताया कि संदेह के आधार पर पुलिस ने ब्रजेश पिता गंधर्व सिंह दांगी निवासी मालासुनेटी थाना खिमलासा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि ब्रजेश सिंह ने करतार सिंह सहित अन्य आरोपी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी से 9 लाख 40 हजार रुपए नगद, एक सोने का हार,
एक जोड़ी सोने की झुमकी और एक सोने की अंगूठी सहित कुल 11 लाख रुपए का माल बरामद हुआ। आरोपी ब्रजेश सिंह मकान मालिक का रिश्ते में दूर का चाचा लगता है। जानकारी के अनुसार ब्रजेश सिंह का साथी करतार सिंह सहित एक अन्य व्यक्ति को शराब और जुआ खेलने का शौक है। इस शौक को और पूरा करने के लिए करतार सिंह और उसके साथी ने यह योजना बनाई कि भरत सिंह के घर में चोरी की जाए। करतार सिंह और उसके साथी ने इस योजना को ब्रजेश सिंह को बताया और उसे राजी किया।
इसके बाद यह पता लगाया गया कि भरत सिंह परिवार के साथ जयपुर जा रहे हैं। तीनों ने योजना बनाकर उसी दिन 29 सितंबर की रात 11 बजे कॉलोनी में पहुंचे। जहां घर का दरवाजा पहले से ही खुला हुआ था इसका फायदा उठाकर तीनों चोरी छुपे ऊपर पहुंच गए और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
चोरी करने के बाद तीनों घर से बाहर निकलने के लिए उन्होंने पहले गैलरी में रस्सी बांधकर उतरने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए तो उन्होंने घर का अंदर से ही दरवाजा खोलकर आसानी के साथ बाहर निकल गए।