प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,फैक्टरी से बड़ी मात्रा में खाद बरामद,सैंपल जांच के लिए भेजे गए
एमपी के शाजापुर के मक्सी के औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार शाम को कृषि विभाग के अधिकारियों ने एक फैक्टरी पर छापा मारा। यहां से बड़ी मात्रा में खाद और उसे बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री जब्त की गई है। कृषि विभाग की सीडीओ रानी चौधरी ने बताया कि इस स्थान पर अवैध रूप से खाद बनाने की जानकारी मिली थी। यहां सरदार किसान सुपर क्वालिटी के नाम से खाद बनाई जा रही थी।
फिलहाल, हमें फैक्टरी पर मजदूरों के सिवाय कोई नहीं मिला। फैक्टरी संचालक की जानकारी निकाली जा रही है, वहीं लाइसेंस का भी पता किया जा रहा है। फैक्टरी में खाद बनाने में उपयोग लाई जाने वाली सामग्री सहित खाद के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
मौके पर मक्सी थाना प्रभारी भीम सिंह पटेल और तहसीलदार जितेन चौरसिया भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि शाजापुर से भाजपा विधायक अरुण भीमवाद ने अधिकारियों की इसकी सूचना दी थी। इसके बाद कार्रवाई की गई।