सागर-दिवाली पर पकड़ी गई लुटेरी दुल्हन पुलिस ने ग्राहक बनकर पिछाया था जाल | sagar tv news |
सुरखी पुलिस ने ग्राहक बनकर लुटेरी दुल्हन को पकड़ा है। ओडिशा की शातिर युवती पहले भी जिले में कुछ युवाओं को शादी के नाम पर ठग चुकी है। सागर में एक और युवक को फांसने आई थी। मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली तो उसे गिरफ्तार करने के लिए प्लानिंग की गई। सुरखी थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने बताया कि ओडिशा के सदर संबलपुर निवासी 45 वर्षीय मंजू के खिलाफ पहले से धारा 420, 406, 328 के तहत केस दर्ज है।
वह एक तिवारी परिवार के युवक से शादी के बाद नकदी व गहने लेकर रफूचक्कर हो गई थी। उसकी शादी कराने वाले एजेंट कृष्णकुमार को पहले गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि मंजू सागर के एक और युवक से शादी करने के लिए आई है। थाना प्रभारी गुर्जर के अनुसार उसकी एक परिचित महिला को भरोसे में लेकर हम लोगों ने ग्राहक बनकर मंजू से शादी की बात की।
वह 25 हजार रुपए में शादी के लिए तैयार हो गई। इसके बाद धनतेरस पर पंचवटी लॉज के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा है। ग्राहक बनकर लुटेरी दुल्हन को पकड़ने वाली टीम में सुरखी थाना प्रभारी गुर्जर के अलावा एएसआई विमल परस्ते, प्रधान आरक्षक नीलम व मीना शर्मा का योगदान रहा।