Sagar- डीएपी यूरिया नहीं मिलने से गर्म हो रहे किसान, पुलिस को संभालना पड़ रहा है मोर्चा
सागर जिले में डीएपी खाद के लिए किसानों की मशक्कत खत्म होती नहीं दिख रही है। शहर हो या ग्रामीण क्षेत्र हर जगह ऐसे ही हालात बने हुए हैं रात में ही किसान खुरई कृषि उपज मडी में बने खाद वितरण केंद्र में कतार में लग गए लेकिन जब सुबह को किसानों को खाद नहीं मिला तो किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। साथ ही किसानों ने वितरण केंद्र की खिड़कियों पर पत्थर और मिट्टी फेंकना शुरू कर दिया। इससे खाद वितरण करने वाले कर्मचारी भी बाल-बाल बच गए।
किसान गेहूं, चना की बोवनी की तैयारी में हैं। जिले में खाद की कमी है। इसकी हकीकत सोमवार को खुरई के कृषि उपज मडी में बने खाद वितरण केंद्र में देखने को मिली। जहां महिला किसान सहित पुरुष किसान बड़ी संख्या में खाद लेने के लिए कतार लगाएं हुए थे लेकिन जब डीएपी खाद नहीं होने की सूचना मिली तो किसान भड़क गए और किसानों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार सुरेश सोनी, शहरी पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाला। 7 पुलिस जवानों की उपस्थिति में यूरिया और 20:20:0:13 एनपीकेएस खाद बंटना शुरू हुआ। विंधई गांव के किसान कुलदीप सिंह ठाकुर ने बताया कि रविवार की शाम से वह खाद लेने के लिए मंडी में आ गया था और रातभर इंतजार किया कि सुबह खाद मिल जाएगा लेकिन डीएपी खाद नहीं मिला। बरोदिया नोनागिर गांव के किसान सौरभ पटेल ने बताया कि खाद के लिए लगातार चक्कर लगा रहूं लेकिन जितना खाद चाहिए है उतना नहीं मिल रहा है। मुहली ब्यास गांव की महिला किसान पूना बाई सेन ने बताया कि तड़के 4 बजे लाइन में लगे। दोपहर तक नंबर नहीं आया।
एसएडीओ एसपी भारद्वाज का कहना था कि त्योहार के कारण खाद आने में परेशानी हो रही थी। खाद का रैक लग चुका है और रात में खाद आ जाएगा। मंडी में बने खाद वितरण केंद्र में चार काउंटर से खाद वितरण किया जाएगा। जो किसान आरोप लगा रहे हैं वह निराधार हैं।