सागर में खुदाई कर निकाला पीतल का बर्तन, पूजा करने का झांसा देकर ऐंठता रहा रुपए | sagar tv news |
सागर में गड़ा धन निकालने का लालच देकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। फरियादी ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायती आवेदन सौंपा है। जिसमें 51 ग्राम सोना और 23.92 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप देवीसिंह रजक और कृष्णा रजक समेत अन्य पर लगाए हैं। यहां बता दें देवीसिंह और कृष्णा रजक के खिलाफ पुलिस लाइन थाने में पूर्व से ठगी का मामला दर्ज है। शिकायतकर्ता अमर पिता पुरुषोत्तम कोरी निवासी काकागंज वार्ड ने आवेदन में बताया कि मेरा केटरिंग का काम और होटल है।
वर्ष 2021 में मेरी मुलाकात अजय रजक से हुई। मैंने उससे बोला कि मेरा काम नहीं चल रहा है। परेशान हूं। उसने मुझे अपने जीजा देवीसिंह रजक से मिलवाया। देवीसिंह पूजा करके बोला तुम्हारे घर पर गड़ा धन है। बड़ी पूजा कर विधि से निकलेगा। इसमें 51 ग्राम सोना, गड्ढे में रखकर सवा माह पूजा करनी होगी। घर में जो बर्तन है उसमें 68 किलो सोना, चांदी, हीरा, कंकड और अन्य कीमती सामान है। यह धन निरवंशी का है। निरवंशी करने के लिए 50 ग्राम गौलोचन लगेगा जो बंगाल में मिलता है।
जिसकी कीमत 3.50 लाख रुपए है। 20 हजार रुपए आने-जाने का खर्चा। अमर कोरी ने बताया कि 13 अक्टूबर 2021 को हमारे घर पर गड्ढा करवाया। जिसमें से एक पीतल का बड़ा बर्तन निकाला गया। देवीसिंह रजक बोलने लगे इस बर्तन को मैं अभी नहीं खोलूंगा। इसमें शक्तियों की सवारी है। इसमें पूजा का सामान लगेगा। 5 लाख 51हजार रुपए की व्यवस्था करो। हम लोगों को विश्वास हो गया, जब बर्तन बाहर निकला। मैंने पैसों की व्यवस्था की। देवीसिंह को दिए। फिर वह बोलने लगा अभी मुहूर्त नहीं है पूजा का सामान आने के बाद खोलेंगे।
दो माह बीत जाने के बाद हमने बोला गुरुजी बर्तन कब खुलेगा तो उन्होंने पूजा कर बोला अभी 2 बर्तन और हैं उनको निकालने के बाद खुलेगा। 20 दिसंबर 2021 को मेरे घर पर फिर से एक बड़ा गड्ढा किया तो बस्ती के लोगों ने थाने में शिकायत की। शिकायत पर पुलिस आई। लेकिन उसने गुमराह कर उन्हें वहां से भगा दिया। दीपावली के साथ मुहूर्त में पूजा की और बोला कि अभी शक्तियां बर्तन पर बैठी हैं। तुम्हारे घर में दो बर्तन और निकलेंगे।
हमारा बना बनाया घर पटकवा दिया था। फरवरी 2023 में बोला होली का मुहूर्त है पूजा के लिए पैसों का इंतजाम करो। इस प्रकार वह लगातार झांसा देकर रुपए ऐंठता रहा। संदेह होने पर उससे पैसे मांगे तो देने से मना कर दिया। मामले में फरियादी अमर ने एसपी कार्यालय में शिकायत कर देवीसिंह के खिलाफ कार्रवाई करने और पैसे वापस दिलाने की मांग की है।