Sagar -भाई के जन्मदिन में जा रही पत्नी और बेटी को पति ने अस्पताल भेजा
सागर जिले के खुरई के सागर रोड स्थित नरेन नदी के पास एक पति ने अपनी पत्नी और मासूम बच्ची को बाइक से गिराकर जान से मारने की कोशिश की है। बाइक से गिरने के कारण घायल मां-बेटी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार खुरई शहरी थाना क्षेत्र के नरेन नदी के पास बाइक से गिरने के कारण मां-बेटी घायल अवस्था में सड़क पर पड़ी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट मनोज राय, ईएमटी वीरसिंह दोनों घायलों को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां दोनों को भर्ती कराया गया।
घायल महिला की छोटी बहन संध्या लोधी ने बताया कि उसकी और उसकी बड़ी बहन शिवानी लोधी की शादी सिलारपुर गांव में एक ही परिवार में चचेरे भइयों से हुई है। उन्होंने बताया कि शिवानी का पति किशन लोधी शराब के नशे में उसकी बहन के साथ आए दिन मारपीट करता था। इस कारण से शिवानी अपने माता-पिता के साथ एक सप्ताह से ख़िमलासा में रह रही थी। शिवानी दूसरे मोबाइल नंबर का उपयोग कर रही थी ताकि उसका पति उससे बात न कर सके। संध्या ने बताया कि वह खुरई में रहती है और उसके भाई का जन्मदिन मायके मुहली ईशरवारा में मनाया जाना था।
संध्या ने कहा कि उसने अपनी बहन शिवानी को खुरई बुला लिया था ताकि यहां से हम दोनों बहनें अपने मायके जा सकें। यहां से दो बाइकों से हम दोनों बहनें और बच्चे जा रहे थे। संध्या ने बताया कि उसके पति के साथ शिवानी अपनी डेढ़ साल की बच्ची के साथ बाइक पर जा रही थी और वह अपने देवर के साथ बाइक पर बैठी हुई थी। रास्ते में शिवानी के पति किशन ने हम सभी लोगों को देख लिया था तो पहले तो उसने पीछा किया। इसके बाद नरेन नदी के पास किशन ने अपनी पत्नी शिवानी और बच्ची को खींचकर गिरा दिया। संध्या ने बताया कि घटना के बाद जब उसके पति रामविशाल ने बाइक रोकी तो किशन ने रामविशाल के साथ मारपीट कर दी।