Sagar - मंडी में 13 टीनशेड में से 11 टीनशेड पर कब्जा, किसानों को खुले में खड़ी रखनी पड़ती ट्रॉलियां
Sagar - मंडी में 13 टीनशेड में से 11 टीनशेड पर कब्जा, किसानों को खुले में खड़ी रखनी पड़ती ट्रॉलियां
सागर जिले के खुरई के पठारी रोड स्थित नवीन कृषि उपज मंडी में व्यापारियों ने अपने फड़ नहीं बनाए हैं। इसके चलते व्यापारियों द्वारा मंडी में बनाए गए 13 टीनशेड में से 11 टीनशेड पर अनाज रखकर कब्जा कर लिया है। इससे मंडी में बेचने के लिए अपना अनाज लाने वाले किसानों को भारी परेशानी होती है। टीनशेड में जगह नहीं होने के कारण किसानों को अपनी ट्रालियों को खुले आसमान के नीचे धूप में लगाना पड़ती है। खुरई की नवीन कृषि उपज मंडी 1 अप्रैल 2018 को शुरू हुई थी।
छह साल बाद भी एक भी व्यापारी ने मंडी में अपना फड़ नहीं बनाया है। मंडी के करीब 75 व्यापारी शेड पर कब्जा किए हुए हैं। व्यापारियों ने मंडी में पूर्व में बने सभी 11 टीनशेड में अपना कब्जा जमा रखा हुआ है। जबकि हाल ही में दो टीन शेड बनाए गए हैं जो खाली पड़े हुए हैं। मंडी के टीनशेड पर कब्जा करने वाले व्यापारियों द्वारा मंडी प्रबंधन को छह साल में एक रुपए भी नहीं दिया गया है। जबकि नियम के मुताबिक व्यापारियों को इसका हर माह किराया देना आवश्यक होता है। किसान नेता प्रेम सिंह ने बताया कि नई कृषि उपज मंडी को शुरू करने के लिए व्यापारियों को प्रशासन ने एक साल उपयोग के लिए टीनशेड दिया था।
इसके बाद उन्हें वहां व्यवस्था करनी थी लेकिन आज 6 साल होने वाले है लेकिन व्यापारियों ने टीनशेड अब तक खाली नहीं किए। जिसके कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। मंडी में अनाज बेचने के लिए आने वाले किसानों को टीनशेड में जगह नहीं मिलने पर अपनी ट्रॉलियों को खुले में ही खड़ा करना पड़ता है। इससे किसानों को बारिश, गर्मी और ठंड में खुले में ही खड़े होना पड़ता है। इससे किसानों को भारी परेशानी होती है। किसान चैनसिंह ने बताया कि वह कई सालों से अपना अनाज मंडी में लेकर आते हैं लेकिन यहां पर किसानों के लिए कोई भी व्यवस्था उपलब्ध नहीं है।
यहां तक कि रात में जब अनाज लेकर आओ तो टीनशेड पहले ही भरे हुए रहते हैं। ऐसे में हम किसानों को खुले में ट्रॉली में सोना पड़ता है। जानकारी के अनुसार मंडी प्रबंधन ने मंडी के 55 व्यापारियों को भूखंड भी प्रदान कर दिए हैं लेकिन इसके बाद भी व्यापारी अपना फड़ नहीं बना रहे हैं। हाल ही में खुरई एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव ने टीनशेड से कब्जा हटाकर तीन दिन में फंड निर्माण करने के लिए सभी व्यापारियों को नोटिस जारी किए गए थे लेकिन इसके बाद भी व्यापारियों को कोई फर्क नहीं पड़ा।
इस संबंध में व्यापारी संघ के अध्यक्ष जयस मोदी ने एसडीएम को पत्र भेजा है जिसमें कहा गया है कि भूखंड की साफ सफाई कराई जाए। ताकि वह सभी लोग अपना फड़ बना सके। वहीं मंडी प्रबंधन का कहना है कि वह कई बार भूखंड की साफ सफाई करवा चुके हैं लेकिन इसके बाद भी व्यापारी कब्जा नहीं छोड़ रहे हैं। खुरई मंडी सचिव कमलेश सोनकर ने बताया कि उनकी तरफ से लगातार कार्रवाई जारी है। इस संबंध में लगातार पत्राचार किए जा रहे हैं। व्यायारियों ने भी आश्वासन दिया है कि वह जल्दी काम लगाएंगे। जल्द ही टीनशेड खाली कर दिए जाएंगे।