सागर में डॉ.गौर को भारत रत्न दिलाने जुटा शहर,वर्ल्ड रिकॉड बना
सागर में डॉ.गौर को भारत रत्न दिलाने जुटा शहर,वर्ल्ड रिकॉड बना
मध्यप्रदेश के दानवीर, कानूनविद और शिक्षाविद डॉ. हरि सिंह गौर को भारत रत्न दिलाने की मांग को लेकर सागरवासियों ने आज (25 नवंबर) साढ़े छह किलोमीटर लंबी फूल माला अर्पित की। इसका वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बन गया है। दुनिया की सबसे लंबी गेंदे की फूल माला के लिए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र दिया गया। टीम के अनुसार, इससे पहले बेंगलुरु में 5 किमी की माला बनी थी। आजादी के पहले 1946 में अपने जीवन का सर्वस्व अर्पण कर देश के 16वें और मध्यप्रदेश के पहले विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने वाले डॉ. गौर को भारत रत्न दिलाने अनूठी पहल। इसमें 265 संगठनों की सहभागिता रही।
इनमें विश्वविद्यालय, स्कूल-कॉलेज से लेकर सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक, गैर राजनीतिक संगठनों से लेकर महिला संगठन, पेंशनर्स संगठन शामिल रहे। सभी ने सोमवार सुबह बत्ती स्थित गौर प्रतिमा से लेकर विश्वविद्यालय स्थित गौर की प्रतिमा तक मानव श्रृंखला के रूप में एकत्र होकर 6.5 किलोमीटर लंबी गेंदे की माला डॉ. गौर को अर्पित की। बता दें कि डॉ. गौर को भारत रत्न दिलाने की मांग बीते 44 सालों से हो रही है। ये पहली बार है, जब तमाम संगठन इस तरह से एकजुट होकर यह मांग उठा रहे हैं।