Sagar- एक एकड़ खेती से 3 लाख की कमाई, किसान भाई करें इस आलू की खेती, जानिए विधि
Sagar- एक एकड़ खेती से 3 लाख की कमाई, किसान भाई करें इस आलू की खेती, जानिए विधि
बुंदेलखंड के किसान खेती में नवाचार के जरिए न सिर्फ अपनी कमाई को कई गुना कर रहे हैं बल्कि उन लोगों के लिए भी मिसाल बन रहे हैं, जो खेती को घाटे का सौदा मानकर नौकरियों और व्यावसाय करने लगते हैं. इन दिनों सागर के किसान काले आलू की खेती कर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं. ऐसे में इसे काला सोना कहना गलत नहीं होगा. कीमत में ठीक होने के साथ यह औषधिय गुणों से भी भरपूर है, इसमें आयरन की अच्छी मात्रा और ओमेगा 3 भी पाया जाता है
सागर में काले आलू की खेती को बढ़ावा देने का श्रेय प्रगतिशील युवा किसान आकाश चौरसिया को जाता है. आकाश कहते हैं, ये काला आलू खासकर दक्षिण अमेरिका के जंगलों में उगाया जाने वाला कंद है. इसे हम पिछले तीन सालों से यहां बुंदेलखंड में उगाने का प्रयास कर रहे हैं और इसमें हमनें सफलता भी पाई है. इसकी हमने काफी अच्छी उपज ली है. बाजार में हमें इसके काफी अच्छे दाम मिलते हैं. एक किलो काला आलू 70 से 80 रुपए तक आसानी से बिक जाता है. अगर इसका बीज तैयार करते हैं, तो 100 रूपए किलो तक बाजार में बिकता है. पिछले साल मैंने आधा एकड में काला आलू लगाया था, जिसमें दो से ढाई लाख की आमदनी हुई है
इसके लिए हमें सबसे पहले खेत तैयार करना होता है और फिर हम खेतों में क्यारी बनाते हैं. काले आलू की खेती के लिए हल्की दोमट मिट्टी चाहिए होती है. इस साल ठंड देरी से आने के कारण काले आलू की बुवाई अभी कर सकते हैं नहीं तो 15 नवम्बर तक इसकी बुवाई कर लेनी चाहिए. इस साल बुवाई का समय अच्छा समय चल रहा है. इसके लिए हम दस टन प्रति एकड़ के हिसाब से गोबर की कम्पोस्ट खाद डालकर खेतों को अच्छे तरीके से तैयार करते हैं. बीज का उपचार करके लगभग एक एकड़ में हजार किलो आलू लगाया जा सकता है. सिंचाई के लिए टपक पद्धति या पानी बहाकर सिंचाई कर सकते हैं. इसकी उपज लगभग 90 से 100 दिन में तैयार होती है. एक एकड़ में 100 से सवा सौ क्विटंल तक उपज आती है.