सागर सांसद ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री से मुलाकात कर बीना रिफाइनरी परियोजना को लेकर की चर्चा
सागर सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात कर संसदीय क्षेत्र के विकास और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में पेट्रोलियम से जुड़ी परियोजनाओं में विस्तार और तेजी लाना है। डॉ. वानखेड़े ने मंत्री पुरी को क्षेत्र में बेरोजगारी की स्थिति और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने सुझाव दिया कि पेट्रोलियम उद्योग से जुड़े कार्यों में क्षेत्रीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने बीना रिफाइनरी परियोजना का विशेष रूप से उल्लेख किया और मंत्री जी से अनुरोध किया कि बीना रिफाइनरी में चल रहे प्रोजेक्ट के कार्यों को शीघ्रता से पूरा किया जाए ताकि इसका अधिकतम लाभ क्षेत्र के नागरिकों को मिल सके।
मुलाकात के दौरान वानखेड़े ने हरदीप सिंह पुरी जी से बीपीसीएल बीना रिफाइनरी में चल रहे प्रोजेक्ट निर्माण कार्य का अवलोकन करने हेतु बीना आने का आग्रह भी किया। मंत्री पुरी ने सांसद के प्रस्तावों को ध्यान से सुना और आश्वासन दिया कि मंत्रालय बीना रिफाइनरी के लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार स्थानीय लोगों को रोजगार देने और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने के लिए पूरा सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।