बारात लेकर जानकी जी को ब्याहने निकले श्रीराम: पूरा नगर राम मय हो गया
बीना। बुंदेलखंड की अयोध्या ओरछा धाम की तर्ज पर विवाह पंचमी पर बीना के खिरिया वार्ड में स्थित श्रीरामनाम सिद्ध पीठ से श्री रामराजा सरकार की चक्रवर्ती ऐतिहासिक महाबारात शुरू हुई। महाबारात नगर भ्रमण कर करीब 8 घंटे में श्रीरामनाम सिद्ध पीठ में पहुंचेगी। आज बीना शहर पूरा राम मय हो गया है। महाबारात में कई प्रदेशों के कलाकार अपना करतब दिखा रहे हैं।
भगवान श्रीराम की महाबारात को लेकर शुक्रवार को पूरा नगर उत्साहित है। भगवान की महाबारात में इस बार अनोखा देखने को मिला। जहां भक्तों द्वारा जेसीबी मशीन के पंजे पर खड़े होकर बारात में शामिल लोगों पर फूलों की बारिश की जा रही है। बीना में निकाली जा रही पारंपरिक महाबारात में शहर के लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। महाबारात जिन भी मार्गो से निकाली जा रही है वहां की हर घर की बालकनी, छतों, फुथपाथ, डिवाइडर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग ही लोग नजर आ रहे हैं। हर कोई बारात में चल रहे पालकी में विराजमान भगवान श्रीराम का दर्शन और पूजन करने को लालायित दिखा।भगवान श्रीराम की महाबारात शुरू हुई है।
जिसमे राजस्थान,पंजाब, महाराष्ट्र असम, कर्नाटक, गुजरात सहित मध्य प्रदेश के कलाकार नृत्य बैंड आदि की प्रस्तुति दे रहे हैं। जिसमें छह चलित झांकी, अघोरी नृत्य नई दिल्ली, बैंड, भांगड़ा ग्रुप पंजाब, बैगपाइपर ग्रुप लुधियाना, डमरू मंडल उज्जैन, ऊंट नृत्य, रामलीला मंडल अयोध्या, गरबा ग्रुप आदि शामिल हैं। महाबारात का आयोजन श्रीरामनाम महाराज पंडित हरदेव प्रसाद टोंटे के सानिध्य में किया जा रहा है। सबसे आखिरी में भगवान की पालकी चल रही है और पीछे रथ पर गुरू महाराज पंडित हरदेव प्रसाद टोंटे महाराज विराजमान हैं।भगवान की महाबारात की शुरुआत भगवान श्री गणेश जी की झांकी के साथ हुई। इसके बाद लोग केसरिया ध्वज लहरते हुए चल रहे हैं। महाबारात में राजस्थानी नृत्य,गुजराती डांडिया,केरल का नृत्य,पंजाब का शौर्य, घोड़ा नृत्य, ऊंट नृत्य, सर पर कलश रखकर युवतियां और महिलाएं नृत्य करती हुए चल रही हैं। इसके अलावा खुले ट्राला पर शिव तांडव नृत्य, महाकाली का उग्र रूप, राधा कृष्ण नृत्य ने लोगों का मनमोह लिया। नृत्य देखने के लिए हजारों लोगों की भीड़ लगी रही।
वहीं उड़ते हुए हनुमान जी ने भी लोगों को आकर्षित किया।श्रीराम महाबारात करीब दो किलोमीटर लंबी है। जिसमे 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु बारात में शामिल है। बारात का जगह-जगह स्वागत किया जा रहा है। महाबारात को लेकर हर कोई उत्साहित नजर आ रहा है। श्रद्धालु कीर्तन करते हुए चल रहे थे और तोप से बारातियों पर फूलों की बरसात की जा रही थी। जगह-जगह लोगों के द्वारा भगवान श्रीराम की आरती उतार कर उनसे आशीर्वाद लिया जा रहा था। महाबारात में नगर सहित आसपास के नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे हैं। सड़क और चौराहों पर भीड़ ही भीड़ नजर आ रही थी। चारों तरफ राम भक्त दिख रहे थे और जय-जय श्री राम के जयकारे लगाए जा रहे थे।
बीना नगर किसी अयोध्या से कम नजर नहीं आ रही है। पूरा शहर जय श्री राम के जयकारों से गूंज उठा। महाबारात शहर के खिरिया वार्ड स्थित मंदिर से शुरू हुआ जो नगर के थाने के पीछे से होकर, सर्वोदय चौराहा, कॉलेज तिराहा, गांधी तिराहा, महावीर चौक, कच्चा रोड़ होते हुए श्रीरामनाम सिद्ध पीठ पर संपन्न होगी। भगवान की महाबारात करीब 3 किलोमीटर शहर का भ्रमण 8 से 9 घंटे में पूरा करेगी। रात करीब 10 बजे भगवान की बारात श्रीरामनाम सिद्ध पीठ पर पहुंचेगी। इसके बाद मंदिर में रीति रिवाज से भगवान श्रीराम और जानकी का विवाह संपन्न होगा।