सागर-आरटीओ टीम की कार्रवाई से ट्रक पलटा,चालकों ने किया हाइवे जाम | sagar tv news |
सागर जिले के मालथौन थाना क्षेत्र के एनएच-44 पर अटा कर्नेलगढ़ में रविवार सुबह आरटीओ टीम द्वारा अचानक बैरिकेड लगाने से तेज रफ्तार मिर्ची से भरा ट्रक पलट गया। घटना के बाद ट्रक ड्राइवर को मामूली चोटें आईं, जिसे 108 एम्बुलेंस से जिला मुख्यालय सागर के सामुदायिक केंद्र भेजा गया। हादसे के बाद अन्य ट्रक चालकों ने हाइवे पर जमकर हंगामा किया और आरटीओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए फोरलेन हाईवे को जाम कर दिया।
ट्रक चालकों का आरोप है कि आरटीओ टीम हर ट्रक से 2000 से 3000 रुपये की अवैध वसूली करती है। उनका कहना है कि नियमों का पालन करने के बावजूद उन्हें परेशान किया जाता है।प्रदर्शनकारी चालकों ने बताया कि आरटीओ के निजी कर्मचारी जबरदस्ती ट्रकों को रोकते हैं और पैसे न देने पर मारपीट करते हैं। जाम और प्रदर्शन के दौरान, सुबह 10 बजे शुरू हुए विरोध में चालक हाईवे पर एकत्र हुए और वाहनों को तितर-बितर कर खड़ा कर दिया,
जिससे आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। सूचना मिलने पर मालथौन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने चालकों को समझाइश दी, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। हादसे के बाद आरटीओ टीम के कर्मचारी मौके से भाग गए। इस घटना ने आरटीओ की कार्यप्रणाली और अवैध वसूली के खिलाफ गुस्से को और बढ़ा दिया है।