सागर में गैस गोदाम के ये हैं हाल,सुरक्षा के नहीं हैं पुख्ता इंतजाम,फायर सेफ्टी को बता रहे ठेंगा
सागर में एक ऐसी जगह भी है जहां का हर रहवासी २४ घंटे बारूद के ढेर पर बैठा नजर आता है. बीड़ी कॉलोनी में तहसीली रोड पर एक गैस सिलेंडर गोदाम मौजूद है. कहने को तो शहरवासियों की सुविधा के लिए यह गोदाम यहां बनवाया गया है. लेकिन हकीकत में यह सुविधा से ज्यादा खतरा पैदा करता हुआ दिखाई देता है.
तहसीली रोड पर मौजूद सागर गैस एजेंसी जिसमें इंडेन कंपनी के गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जाता है. यहां फायर सेफ्टी के नाम पर कोई भी इक्विपमेंट नजर नहीं आते. जब हमारी टीम ने इस जगह का जायजा लिया तो यहां केवल दो अदने से फायर एक्टविंग्शर के अलावा कुछ भी नजर नहीं आया. कहने को तो यहां दो ऐसी जगहें सुनिश्चित की गई थी जहां रेत से भरी बाल्टियों को टांगा जाता है. लेकिन रेत तो छोड़िए यहां से बाल्टियां भी नदारद थी. वहीं दूसरी जगह एक जैकेट सूख रही थी. यानी अगर एकाएक आग लगती है तो इस गोदाम पर आग बुझाने के लिए कोई भी पर्याप्त इंतजामात नहीं है.
वहीं गोदाम पर पानी के भंडारण की भी कोई व्यवस्था नहीं दिखाई दी. सिलेंडरो को जिस जगह रखा जाता है वह जगह हवादार होनी चाहिए जिससे कि अगर गैस लीक भी होती है तो जल्दी से जल्दी वातावरण में उड़ जाए. और लोगों के लिए घुटन जैसी स्थिति न बन पाए. लेकिन यह जगह पूरी तरह से पैक नजर आ रही थी. यहां पर कोई इमरजेंसी एग्जिट भी खुला हुआ नहीं दिखाई दिया. साथ ही मैन गेट भी काफी संकरा है. ऐसे में आग लगने की दशा में लोगों के लिए इस जगह से निकलना काफी मुश्किल हो जाएगा.
इस गोदाम के आसपास कई घर और बहुत सी दुकानें भी मौजूद हैं. ऐसे में गोदाम पर काम करने वाले कर्मचारियों के साथ साथ यहां रहने वालों के लिए भी हमेशा खतरा बना हुआ है. इस गोदाम के हाल देखने का बाद लगता है कि फायर सेफ्टी डिपार्टमेंट को इस ओर बेहद सजगता के साथ ध्यान देने के जरूरत है.