सागर-महाविद्यालय में 15 दिवसीय रोजगार परक चित्रकला प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन
सागर शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय सागर में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के अंतर्गत 15 दिवसीय रोजगार परक चित्रकला प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को चित्रकला के विभिन्न आयामों में प्रशिक्षित करना और उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करना था। कार्यशाला के समापन कार्यक्रम में लीगल राइट्स काउंसिल की अध्यक्ष तथा समाजसेवी श्रीमती अनुश्री शैलेंद्र जैन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कला आत्मविकास का सशक्त माध्यम है और इस प्रकार के प्रशिक्षण से विद्यार्थी अध्ययन के साथ अन्य कलाओं में भी पारंगत होते हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने 600 से अधिक कार्डसीट, टी-शर्ट पेंटिंग तथा चित्रकला के विभिन्न आयाम जैसे वॉटर पेंटिंग, स्केचिंग आदि पोस्टर्स का प्रस्तुतीकरण किया। प्रशिक्षण कार्यशाला में 50 से अधिक विद्यार्थी चित्रकला प्रशिक्षण से लाभान्वित हुए। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ सरोज गुप्ता ने समस्त विद्यार्थियों की चित्रकला का निरीक्षण कर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में
इस तरह के कार्य नवाचार के साथ निरंतर हो रहे हैं। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ प्रतिभा जैन ने प्रशिक्षण कार्यशाला के संबंध में प्रकाश डालते हुए बताया कि मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना अंतर्गत महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं को रोजगार और करियर से संबंधित विभिन्न तरह के प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं।