सागर के कांग्रेसियों ने विधानसभा घेराव में दिखाया दम पुलिस ने रास्ते में रोका
भाजपा सरकार की वादाखिलाफी, भ्रष्टाचार, अनुसूचित जाति-जनजाति, महिलाओं, बच्चियों के उत्पीड़न, किसानों की समस्या, बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को भोपाल में विधानसभा का घेराव कर प्रदर्शन किया। विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सागर से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता बस और कारों में सवार होकर निकले। उन्हें भोपाल पहुंचने से पहले ही पुलिस ने बासौदा तिगड्डा पर बैरिकेड लगाकर रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बहस हुई।
कार्यकर्ताओं ने पुलिस और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। काफी बहस के बाद जब पुलिस ने गाड़ियां आने जाने नहीं जाने दी तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के चलते भोपाल रोड और बासौदा तिगड्डा पर जाम की स्थिति बनी।दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही। काफी समझाइश के बाद कार्यकर्ता माने और उन्हें भोपाल की ओर रवाना किया गया। सागर के कांग्रेस नेता सुरेंद्र सुहाने, कांग्रेस सेवा दल जिला अध्यक्ष सिंटू कटारे, सागर साहू समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता भोपाल पहुंचे हैं।
ये हैं कांग्रेस के मुख्य मुद्दे लाड़ली बहना योजना को 3 हजार रुपए प्रतिमाह की राशि दी जाए। दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने तत्काल भर्तियां निकाली जाए। गेहूं का एमएसपी 2700, धान का दाम 3100 और सोयाबीन के दाम 6000 रुपए प्रति क्विंटल किया जाए। कर्ज की स्थिति पर सरकार श्वेत पत्र जारी करे।