सागर में मावठा गिरने से लौटी ठंड, दो दिन बाद पड़ेगी कड़ाके की सर्दी
सागर में मावठा गिरने से लौटी ठंड, दो दिन बाद पड़ेगी कड़ाके की सर्दी
सागर में मावठा गिरने से मौसम में एक बार फिर बदलाव आया है। पारे में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। पिछले 24 घंटों में दिन के तापमान में 8 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि रात का पारा अभी भी 16 से 17 डिग्री के बीच स्थिर है। रविवार सुबह से हल्का कोहरा छाया रहा। आसमान में बादलों का डेरा रहा। सुबह 10 बजे के बाद बादलों के बीच धूप खिली। दोपहर के समय बादलों के बीच धूप-छांव का दौर रहा। हवाएं चलने से वातावरण में ठंडक रही। इस दौरान अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री और न्यूनतम पारा 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी-उत्तरी भारत में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है।
एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी गुजर रहा है। इस कारण से पिछले दो दिनों से जिले में बादल छाने और बारिश का दौर जारी रहा। रविवार से बारिश की एक्टिविटी कम होगी। सोमवार से मौसम साफ होने लगेगा। जिसके बाद कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू होगा। वेदर सिस्टम एक्टिव होने से सागर में पिछले तीन दिनों से बादल छाए हुए हैं। शुक्रवार रात से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ जो शनिवार की सुबह तक चलता रहा। इस दौरान सागर में 49 मिमी यानी करीब 2 इंच बारिश दर्ज की गई। बारिश होने से किसानों के चेहरों पर खुशी है।
फसलों को इस बारिश से फायदा हुआ है। मावठा गिरने और बादल छाने से लोगों को ठंड से राहत मिली थी। लेकिन अब मौसम साफ होगा। सिस्टम के गुजरने के बाद सागर में कोहरे और ठंड का असर बढ़ जाएगा। नए साल में लोगों को कड़ाके की ठंड के दौर से गुजरना पड़ेगा। इसके बाद जनवरी के पूरे महीने कंपकंपा देने वाली सर्दी पड़ने का अनुमान है। दो दिन बाद से तेज ठंड पड़ने की संभावना है। पिछले तीन दिनों का तापमान- दिन दिन का पारा रात का तापमान- रविवार 20.7 16.7 ,शनिवार 20.7 17.2 ,शुक्रवार 29.0 17.0