31 दिसंबर को होने वाली पार्टी में तीन युवाओं को मादक पदार्थ के साथ किया गिरफ्तार | sagar tv news |
मध्य प्रदेश की इंदौर क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी 31 दिसंबर को होने वाली पार्टी में युवाओं को मादक पदार्थ अधिक दामों पर बेचने के लिए ड्रग्स लेकर आए थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राउ गोल चौराहे पर एक कार से अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पुलिस को देख कार लेकर भागने लगे। भागते वक्त उनकी कार अनियंत्रित हो गई और एक खंभे से टकरा गई। इसके बाद भी आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से 18 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों में यूसुफ, शकील और शाहरुख शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 31 दिसंबर की पार्टी के लिए ड्रग्स लेकर आए थे और युवाओं को महंगे दामों पर बेचने वाले थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि उन्होंने यह ड्रग्स धार जिले से खरीदी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।