मध्यप्रदेश आगर मालवा जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार घने कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। सोमवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिसकी वजह से विजिबिलिटी 100 मीटर तक सीमित हो गई। कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और आमजन को अपने दैनिक कार्यों में खासी परेशानी हो रही है। कोहरे और ठिठुरन के साथ ही क्षेत्र में बादल छाए हुए हैं, जो मावठे की बारिश का संकेत दे रहे हैं।
सूरज के दर्शन दिनभर में मुश्किल से ही हो पा रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, जिले में न्यूनतम तापमान 9° और अधिकतम तापमान 22° दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे सुबह और रात में घर से निकलते समय गर्म कपड़े पहनें और वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। कोहरा इतना घना है कि सुबह-सुबह काम पर जाना मुश्किल हो गया है। गाड़ियों की रफ्तार भी बहुत धीमी है। इस ठंड और कोहरे में हमें बहुत समस्या हो रही है, लेकिन बारिश की उम्मीद से खेतों के लिए अच्छा होगा।