सागर-देशभक्ति का गजब का जज्बा ! 7 डिग्री पर अग्निवीर बनने आधी रात को कड़ाके की ठंड में दौड़े रहे युवा
सागर में अग्निवीर सेना भर्ती रैली में युवाओं का उत्साह चरम पर है। 13 जनवरी 2025 तक चलने वाली इस भर्ती प्रक्रिया के तीसरे दिन,बुधवार 8 जनवरी को भिंड, निवाड़ी और शिवपुरी जिलों के 1006 युवाओं ने उपस्थिति दर्ज कराई। इन युवाओं में से 317 उम्मीदवारों ने दौड़ पास की। भर्ती प्रक्रिया जिला प्रशासन सागर और सेना भर्ती कार्यालय ग्वालियर के संयुक्त प्रयासों से सुचारू रूप से जारी है।बुधवार को अग्निवीर भर्ती रैली का तीसरा दिन था। भिंड, निवाड़ी और शिवपुरी जिलों के 1289 युवाओं को एडमिट कार्ड जारी किए गए थे।
इनमें से 1006 युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया और दौड़ में अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया। दौड़ पास करने वाले 317 अभ्यर्थी अब शारीरिक प्रवीणता परीक्षण, दस्तावेज़ सत्यापन और मेडिकल जांच की प्रक्रिया से गुजरेंगे। सेना भर्ती कार्यालय ग्वालियर के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन केवल योग्यता के आधार पर होता है। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी है। युवाओं को किसी भी तरह के जालसाजों और धोखेबाजों के झांसे में न आने की सलाह दी गई है। 9 जनवरी को भर्ती रैली के चौथे दिन छतरपुर, मुरैना, टीकमगढ़ और सागर जिलों के कुल 1338 अभ्यर्थी भाग लेंगे।
इसमें छतरपुर के 261, मुरैना के 240, टीकमगढ़ के 288 और सागर के 549 उम्मीदवार शामिल होंगे। सभी अभ्यर्थियों से समय पर रिपोर्ट करने और अपनी तैयारी पूरी करने की अपील की गई है। अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों को विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ता है। पहले चरण में दौड़ और शारीरिक प्रवीणता परीक्षण होता है। इसके बाद दस्तावेज़ सत्यापन और मेडिकल जांच होती है।
इन सभी चरणों में सफलता प्राप्त करने वाले उम्मीदवार ही अंतिम चयन के लिए पात्र माने जाते हैं। जिला प्रशासन सागर और सेना भर्ती कार्यालय ग्वालियर का संयुक्त सहयोग भर्ती प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित कर रहा है। युवाओं में इस भर्ती प्रक्रिया को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
सुबह से ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मैदान में पहुंचकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को आगाह किया है कि वे किसी भी प्रकार के बाहरी प्रभाव में न आएं और चयन प्रक्रिया पर विश्वास रखें। चयन केवल मेहनत और योग्यता के आधार पर ही होता है।