सागर कलेक्टर ने किया शहर का निरीक्षण,स्मार्ट सिटी के निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा की sagar tv news
सागर जिले में कलेक्टर संदीप जी आर ने स्मार्ट सिटी के निर्माणाधीन कार्यों सहित शहर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि आधुनिक तकनीकी का उपयोग कर विकसित इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सुविधा मुहैया कराना और रहवासियों के जीवन को आसान और खुशहाल बनाना हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने सिटी स्टेडियम ग्राउंड के रखरखाव एवं संचालन के लिए जिम्मेदार ठेकेदार को निम्न गुणवत्ता कार्य और मौके पर अनुपस्थित पाए जाने पर शो कॉज़ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने निर्माणाधीन रोड का निरीक्षण कर निर्देशित किया कि दीनदयाल चौक के पास गोपालगंज रोड क्रॉसिंग पर नाले के दोनों ओर दीवार उठाकर उसे सुरक्षित बनायें। डिवाइडर का तेजी से निर्माण करने के लिए कर्व स्टोन लगाकर प्लांट्स लगाएं।
रोड के दोनों ओर बनाई जा रहीं ड्रेन का स्लोप व्यवस्थित रहे ताकि ड्रेन के पानी का बहाव न रुके। उन्होंने कहा की रोड के आस-पास पड़ी निर्माण सामग्री एवं मलवा आदि को मुहिम चलाकर उठवाएं और सीएंडडी वेस्ट मुक्त साफ-स्वच्छ रोड बनायें। उन्होंने निर्देश दिए कि डिग्री कॉलेज चौराहे को ट्रेफिकमुक्त साफ-स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए और इसका विस्तार कर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने हेतु रूपरेखा प्रस्तुत करें।
उन्होंने सिटी स्टेडियम के पास बने पब्लिक टॉयलेट का निरीक्षण किया और निर्देशित करते हुये कहा कि सभी टॉयलेट्स में वॉटर पाईप लाईन, विद्युत लाईन, प्लंबिंग पाईप आदि सभी अंडरग्राउंड डालें इससे इनकी सुरक्षा व साफ-सफाई सुनिश्चित होगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शहर में बने सभी फाउंटेन चालू करायें और प्रतिदिन संचालित करें इससे वायु प्रदूषण को कम कर वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाने में सहयोग मिलेगा।
उन्होंने संगीत विद्यालय और सिटी स्टेडियम के सामने निर्माणाधीन तिराहे का निरीक्षण कर शहर की रोड के मेप के माध्यम से समीक्षा की और सभी निर्माणाधीन रोड को व्यवस्थित अलाईमेंट में बनाने के निर्देश दिये। रोड की चौड़ाई बढ़ाने के बाद बची जगह पर भी पेबर ब्लॉक न लगाकर सीसी ही करायें या मिट्टी पर लेंड स्केपिंग कर सुंदर बनायें।
उन्होंने सिटी स्टेडियम में क्रिकेट ग्राउंड का निरीक्षण किया और सिलेक्शन ग्रेड वन घास लगाकर उक्त मैदान को और बेहतर मेंटेनेंस कराने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त उन्होंने डिम्पल पेट्रोल पंप से राधा तिराहा तक रोड का पैदल निरीक्षण किया। अलग-अलग स्थलों पर लगभग 7 मीटर से 14 मीटर तक चौड़ाई की उक्त वर्तमान रोड को एक समान चौड़ाई की व्यवस्थित रोड बनाने हेतु रूप रेखा तैयार करने के निर्देश दिये।