Sagar - सुबह 9 बजे तक छाया और देर रात तक छाने लगा कोहरा, दो दिनों तक छाए रहेंगे बादल
वेदर सिस्टम सक्रिय होने और सर्द हवाओं के चलने से सागर के मौसम का मिजाज बदला है। पिछले दो दिनों से सागर के आसमान में बादलों का डेरा है। सुबह और रात के समय कोहरा छा रहा है। वहीं हवाएं चलने से वातावरण में ठिठुरन बढ़ी है। बर्फीली हवाएं चलने से दिन और रात के तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार सुबह से सागर में कोहरा छाया रहा। वही शाम तक को भी देर रात तक कोहरा छाने लगा था।
इससे पहले रविवार रात 9 बजे से ही वातावरण में हल्का कोहरा रहा और ओस गिरी। वहीं सोमवार सुबह 9 बजे तक हल्का कोहरा रहा। आसमान में बादल छाए रहे। सुबह 11 बजे के बाद धूप खिली। इस दौरान सागर का अधिकतम तापमान 21.8 (-03) डिग्री और न्यूनतम पारा 11.3 (00) डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की एक्टिविटी होने से मौसम का मिजाज बदला रहेगा। वहीं उत्तर भारत से बर्फीली हवाओं का भी असर बना हुआ है। रविवार को 260 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चली। इससे दिन का तापमान लुढ़क गया है। आगामी दो दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है।