सागर से चोरी डंपर गुजरात बॉर्डर पर मिला,जीपीएस से लोकेशन ट्रेस होने पर आरोपियों ने तोड़कर फेंका
डंपर मालिक शिव दयाल अहिरवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 जनवरी को उन्होंने डंपरड्राइवर शुभम शिल्पी, निवासी मकरोनिया, को रेत भरने के लिए नरसिंहपुर भेजा था। रात करीब 10 बजे ड्राइवर ने सूचना दी कि डंपर सिरोंजा के पेट्रोल पंप पर खड़ा है। लेकिन 17 जनवरी की सुबह जब वह मौके पर पहुंचा, तो डंपर गायब था। आसपास खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
डंपर में लगा जीपीएस सिस्टम ट्रैक किया गया, जिससे डंपर की आखिरी लोकेशन खेजरा क्रेशर खदान के पास मिली। जब पुलिस वहां पहुंची, तो डंपर नहीं मिला, लेकिन रास्ते में रेत बिखरी हुई थी और जीपीएस सिस्टम टूटा हुआ पड़ा था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। मालथौन टोल नाके के सीसीटीवी फुटेज में डंपर झांसी की ओर जाते हुए दिखाई दिया, लेकिन ललितपुर टोल नाके पर उसकी मौजूदगी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर उत्तर प्रदेश और गुजरात की ओर जाने वाले मार्गों पर तलाशी अभियान चलाया।
आखिरकार, डंपर गुजरात बॉर्डर के पास खड़ा मिला। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है, जबकि आरोपी मौके से भाग गए। फिलहाल, पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।