पत्नी ने चचेरे भाई के साथ मिलकर पति को नौकरी लगवाने का झांसा देकर लगाई 38 लाख की चपत | sagar tv news
एमपी के जबलपुर के मदन महल थाने में एक पति ने अपनी ही पत्नी और उसके साथी के खिलाफ 38 लाख रुपए की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। मामला पति की सरकारी नौकरी लगवाने से जुड़ा हुआ है।जानकारी के मुताबिक, राइट टाउन निवासी आदित्य मिश्रा की शादी नरसिंहपुर निवासी युवती से वर्ष 2021 में हुई थी। आदित्य का परिवार कृषि करता है और पढ़ाई पूरी करने के बाद कई बार प्रयास करने पर भी उसकी नौकरी नहीं लगी।
शादी के बाद आदित्य की पत्नी के चचेरे भाई आकाश ने उसकी संविदा वर्ग 2 में नौकरी लगवाने की बात कही। नौकरी लगवाने के लिए आकाश ने मार्कशीट सहित अन्य दस्तावेजों के अलावा पैसे भी मांगे।आकाश पर भरोसा करके जहां उसकी बहन यानी आदित्य की पत्नी ने पैसे तो दिलवाए ही साथ ही लाखों रुपए कीमत के अपने जेवर भी खुर्द बुर्द कर दिए। करीब 4 साल में आदित्य ने अपनी पत्नी और आकाश को करीब 38 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए, जो आकाश के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर किए गए थे।
लेकिन आज तक ना तो नौकरी लगी और ना ही दिए गए पैसों का कोई हिसाब किताब मिला। जब आदित्य ने आकाश से पैसे मांगे तो उसने पैसे खर्च हो जाने की बात कही और पैसे लौटाने में असमर्थता जाहिर की।जिसके बाद आदित्य ने अपनी पत्नी और आकाश के खिलाफ मदन महल थाने में FIR दर्ज कराई है। बहरहाल पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है, जिसके पहले चरण में दोनों भाई बहनों को पूछताछ करने के लिए बुलाया गया है।