सागर-मोदी के मंत्री बोले 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर | sagar tv news |
सागर में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके ने शुक्रवार को सागर में प्रबुद्ध जन सम्मेलन में भाग लिया और केंद्रीय बजट 2025 पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। वर्ष 2014 में देश का बजट 16 लाख करोड़ रुपये था, जो अब 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। यह भारत के आर्थिक सशक्तीकरण को दर्शाता है। गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति—इन चार प्रमुख वर्गों को केंद्र सरकार ने विशेष ध्यान दिया है।
राज्य मंत्री ने कहा कि इस बजट में मध्यम वर्ग, व्यापारी और उद्योगपतियों के लिए भी कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। राज्य मंत्री दुर्गादास उईके ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं के कारण 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं। राज्य मंत्री दुर्गादास उईके ने पत्रकार वार्ता में बजट पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का बजट हर वर्ग के विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, वरिष्ठ विधायक भूपेंद्र सिंह, विधायक शैलेन्द्र जैन, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन, सह मीडिया प्रभारी आलोक केशरवानी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, व्यापारी और बुद्धिजीवी वर्ग शामिल हुआ और उन्होंने बजट को लेकर अपनी राय रखी।