4.5 लाख रुपये की अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ साथ ही महुआ लहान बरामद
एमपी के जिला खरगोन में आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कलेक्टर भव्या मित्तल के आदेश पर सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में और नियंत्रण कक्ष प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी सजेंद्र मोरी के नेतृत्व में वृत खरगोन अ, ब, स भीकनगांव, कसरावद के संयुक्त आबकारी दल ने सोमवार दिनांक 03-03-2025 को वृत खरगोन स के ग्राम रेटवां, निमवाड़ी, बागदरा दसनावल आदि स्थानों पर दविश देने पर अलग-अलग स्थान से खेतों के बीच लगी मक्के की फसल एवं सूखे भूसे में छिपा कर रखी अवैध मदिरा एवं महुआ लहान को निकाल कर कार्यवाही की गई।
कार्रवाई में 4000 किलोग्राम महुआ लहान विधिवत सेंपल लेकर नष्ट किया गया और 150 लीटर कच्ची हाथ भट्टी मदिरा बरामद की गई। वृत प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक दिनेश चौहान द्वारा कुल 06 प्रकरण दर्ज कर 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। शेष आरोपी आबकारी दल को देखकर मौके से फरार हो गए। वृत प्रभारी द्वारा आबकारी अधिनियम की धारा 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। सोमवार की गई कार्यवाही में जप्त मदिरा, महुआ लहान एवं मदिरा निर्माण की सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 4,50,000 रुपये है। कार्यवाही में आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश गौर एवं ओमप्रकाश मालवीया तथा वृत खरगोन अ, ब, स भीकनगांव, कसरावद के आबकारी स्टाफ का विशेष योगदान रहा।