Sagar - शासकीय महाविद्यालय में ABVP का विरोध प्रदर्शन, प्राचार्य कार्यालय का घेराव
सागर जिले के खुरई के शासकीय महाविद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्राचार्य कक्ष का घेराव कर अपनी मांगों को रखा और ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थियों ने कॉलेज में व्याप्त समस्याओं को लेकर आक्रोश जताया और कहा कि लंबे समय से कॉलेज प्रशासन बुनियादी जरूरतों को नजरअंदाज कर रहा है। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने कई महत्वपूर्ण मांगों को उठाया, जिनमें शामिल हैं।
महाविद्यालय में पीने के पानी की उचित व्यवस्था नहीं है, मौजूदा वाटर कूलर खराब पड़ा हुआ है। महाविद्यालय में स्वच्छता की भारी कमी है, टॉयलेट की सफाई नियमित रूप से नहीं होती। महाविद्यालय परिसर में कुछ असामाजिक तत्वों की गतिविधियाँ देखी जा रही हैं, जो न केवल अनुशासनहीनता फैला रहे हैं, बल्कि परिसर के माहौल को भी दूषित कर रहे हैं। महाविद्यालय में बाइक शेड की व्यवस्था नहीं है, जिससे विद्यार्थियों को अपनी बाइक्स को सुरक्षित रखने में परेशानी होती है। महाविद्यालय में टॉयलेट की संख्या कम है, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी होती है। महाविद्यालय की लाइब्रेरी में पुराने प्रश्न पत्र उपलब्ध नहीं हैं, जिससे विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी में परेशानी होती है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया और निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वे अगला चरण उग्र आंदोलन के रूप में शुरू करेंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।