सागर में सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की पहल, निगमायुक्त का नवाचार ,स्वच्छता अभियान के साथ
सागर नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए स्वच्छता अभियान 2024 के तहत नए नवाचार किए जा रहे हैं। यह अभियान अब सिर्फ साफ-सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक चेतना को जागृत करने का माध्यम बनता जा रहा है। शहर के प्रमुख स्थानों को स्वच्छ और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए पहल की जा रही है। पीली कोठी चौराहे पर सूर्य नमस्कार की विभिन्न योग मुद्राओं की आकृतियां बनाई गई हैं, जिससे नागरिकों को योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित किया जा सके।
शहर के प्रमुख स्थलों की दीवारों पर ऐतिहासिक महत्व के चित्र उकेरे जा रहे हैं। उदाहरण के तौर पर, राहतगढ़ बस स्टैंड के पास रेलवे ओवर ब्रिज की दीवारों पर भव्य चित्रकारी कराई गई है, जिससे नागरिकों को स्थानीय इतिहास और वास्तुकला की जानकारी मिल सके और दीवारें स्वच्छ बनी रहें। नगर निगम द्वारा पीली कोठी क्षेत्र में भारतीय सेना और वीर सैनिकों की शौर्यगाथाओं को दर्शाने के लिए विशेष चित्रकारी कराई गई है, ताकि नागरिकों में देशभक्ति और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना जागृत हो।
भारतीय संगीत की विविध शैलियों को संगीत महाविद्यालय की नई बाउंड्री वॉल पर उकेरा गया है। यह कलाकृतियाँ नागरिकों को भारतीय पारंपरिक संगीत से परिचित कराकर संगीत के महत्व को दर्शाने का प्रयास कर रही हैं।इन सभी प्रयासों के माध्यम से नगर निगम शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने में जुटा है। नागरिकों को अपनी संस्कृति और धरोहरों को संरक्षित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।