Sagar - होली का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया, रंग-गुलाल और फूलों से जमकर खेली गई होली
सागर जिले के बीना में होली का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह अबीर गुलाल उड़ने लगे हैं। लोग घरों से निकल आए हैं और रंगों के साथ गाजे बाजे की धूम भी शुरू हो चुकी है। बीना की राधे-राधे प्रभात फेरी मंडल द्वारा मां जागेश्वरी धाम से प्रभात फेरी निकाली गई, जो नगर भ्रमण करती हुई मां जागेश्वरी धाम पर संपन्न हुई। इस दौरान सभी होली के रसिया रंग गुलाल से खेलते हुए नजर आए। मां जागेश्वरी धाम पर मानो, साक्षात बृज के दर्शन हो रहे थे, राधा कृष्ण की जोड़ी के साथ सभी रसिया रंग गुलाल फूलों से खेलते हुए नजर आए।
आज बृज में होली खेले रे रसिया की धुन पर सभी खूब झूम कर नाचे और एक दूसरे को बधाई दी। होली का त्यौहार फाल्गुन महीने के पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। यह रंगों और खुशियों का त्योहार है। बच्चों में इस दिन बड़ा ही उत्साह रहता है। कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजन इस दिन के अवसर के लिए घरों में बनाए जाते हैं। कहा जाता है कि इस दिन सभी लोगों को सारे गिले-शिकवे मिटाकर दोस्ती कर एक नई शुरुआत करनी चाहिए।
यही इस त्योहार का उद्देश्य भी है। अहंकार पर आस्था और विश्वास की जीत के कारण यह त्योहार मनाया जाता है। होलिका दहन के बाद बीना नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जमकर रंग गुलाल उड़ाया जा रहा है। जगह-जगह युवाओं और बच्चों की टोलियां दिखाई दे रही हैं। नगर के विभिन्न हिस्सों में सामूहिक तौर पर होली मनाई जा रही है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग नाच गा कर होली का त्यौहार मना रहे हैं।