Sagar -गेहूं के खेत में भीषण आग, पांच एकड़ की फसल जलकर खाक
सागर जिले के बीना सेमरखेड़ी गांव में अज्ञात कारण से गेहूं की फसल में आग लग गई, जिससे करीब पांच एकड़ की फसल जलकर खाक हो गई। यदि किसान समय पर आग पर काबू न पाते, तो आसपास खड़ी फसल भी चपेट में आ जाती।
जानकारी के अनुसार किसान विनोद उर्फ दुर्गसिंह सिंह और अभय सिंह की गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। आसपास मौजूद किसानों को जैसे ही धुआं निकलते दिखा, तो उन्होंने पेड़ की झाडिय़ों और ट्रैक्टर में पंजा लगाकर आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे आग आगे नहीं बढ़ सकी। लोगों ने नगर पालिका में भी सूचना दे दी थी, जिससे दमकल गाड़ी ने भी पहुंचकर आग बुझाई। दोनों किसानों की करीब पांच एकड़ की फसल जल गई है, जिससे करीब ढाई लाख रुपए का नुकसान हुआ है। हल्का पटवारी ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की है।