Sagar- निगम आयुक्त के वाहन पर कुर्की का आदेश चस्पा, महकमे में मची खलबली
सागर नगर निगम आयुक्त के वाहन पर बुधवार को कुर्की का आदेश चस्पा होते ही हड़कंप मच गया। आदेश देखते ही निगम कर्मचारियों ने तुरंत वाहन को पुराने नगर निगम भवन से नए भवन में खड़ा कर दिया।
दोपहर में न्यायालय के कर्मचारी नगर निगम कार्यालय पहुंचे और आयुक्त के वाहन पर कुर्की का आदेश चस्पा किया। आदेश की सूचना मिलते ही निगम के वाहन प्रभारी और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। आदेश में लिखा था—केस संख्या 353/24, दिनेश कोष्ठी बनाम नगर पालिका निगम, चुकता दावा राशि 6,61,602 रुपये, कुर्की तिथि 2 अप्रैल 2025। यह आदेश वाहन क्रमांक एमपी 15 टी 3899 पर लागू किया गया।
न्यायालय से आए मुंशियों ने नगर निगम कार्यालय में पहुंचकर आयुक्त को कुर्की आदेश की जानकारी दी। मामले को लेकर निगम के फायर वाहन प्रभारी शहीद्दीन कुरैशी ने कहा कि अभी पूरी जानकारी नहीं मिली है, लेकिन न्यायालय का आदेश कुर्की के लिए आया है। स्थिति स्पष्ट करने के लिए आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।