सागर में स्मार्ट मीटर के जरिए पकड़ी बिजली चोरी, 72 लोगों पर बिजली चोरी का केस बनाया
सागर| शहर में लगे बिजली के स्मार्ट मीटर अब बिजली चोरी पकड़ने मंें भी मददगार साबित हो रहे हैं। बिजली कंपनी के कर्मचारी स्मार्ट मीटर की निगरानी करते हुए इनसे की जा रही छेड़छाड़ को पकड़कर बिजली चोरी पकड़ रहे हैं। शहर में बिजली चोरी के तीन दिन के भीतर 72 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। यह जानकारी देते हुए बिजली कंपनी के नगर संभाग के कार्यपालन यंत्री अजीत चौहान ने बताया कि स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं पर तकनीक के सहारे पैनी नजर रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि न्यूट्रल कंट्रोल, मीटर बायपास, केबल कट, मीटर शंट के बिजली चोरों को पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि सभी मीटरों की खपत चैक करने संभागीय स्तर पर टीम बनाई गई है। कंम्प्यूटर प्रोग्रामर नीरज खरे और उनकी टीम चोरी करने वाले उपभोक्ताओं की सूची मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों को उपलब्ध करवा रही है। विभाग के सहायक अभियंता श्रीकृष्ण माहोर, शैलेष सुमन, मुकेश कुमार, कनिष्ठ अभियंता मीनल पंत, लखनलाल अहिरवार व पूजा खोब्रागढ़े के नेतृत्व में टीमें लगातार काम कर रही हैं। अभियान के तहत इन टीमों ने धारा 135 के तहत 72 प्रकरण चोरी के बनाए हैं। उन्होंने बताया कि चैकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।