Sagar - भीषण गर्मी से लोग हलाकान, अगले 24 घंटे में हो पड़ेंगी बौछारे
सागर में भीषण गर्मी के बीच मौसम में फिर बदलाव आया है। आसमान में हल्के बादल छाए हैं। बादलों के बीच धूप-छांव का दौर जारी है। हालांकि गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोग परेशान हैं। गुरुवार सुबह से तेज धूप खिली। सुबह 9 बजे से ही धूप में चुभन रही। दोपहर के समय अचानक मौसम बदला और आसमान में हल्के बादल छा गए। बादलों के बीच धूप-छांव का दौर शुरू हुआ। शाम तक ऐसा ही चलता रहा, गुरुवार को सागर का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री और न्यूनतम पारा 27 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। बढ़ते पारे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लू और गर्मी से बचाओ के लिए एडवाइजरी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान से पश्चिमी विदर्भ तक एक टर्फ एक्टिव है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ साइक्लोनिक सर्कुलेशन का भी असर है। जिसके असर से गर्मी अपने तेवर दिखा रही है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 11 और 12 अप्रैल को बादल छाने के साथ ही प्रदेश समेत जिले के कुछ हिस्सों में बौछारे पड़ सकती हैं।
अप्रैल और मई में लू चलने का अनुमान
सागर समेत मध्यप्रदेश में अप्रैल के महीने में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। पहले और दूसरे सप्ताह में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं दूसरे सप्ताह से लू भी चलने का अनुमान है। सबसे गर्म आखिरी सप्ताह रहेगा। दिन का तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। वहीं मई के महीने में भी गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। लू भी चलेगी।