Sagar-प्याज के छिलके को फेंके नहीं, इससे तैयार करें पौधों का अमृत, देखिए जादुई फार्मूला
गर्मी का मौसम शुरू होते ही लगभग हर घर में प्याज का उपयोग बढ़ जाता है. कुछ लोग इसे सलाद में खाते हैं तो कुछ लू से बचने के लिए इसे साथ रखते हैं. कई घरों में सब्जियों में भी इसका इस्तेमाल बढ़ जाता है. लेकिन, प्याज का छिलका अक्सर फेंक दिया जाता है. यह छिलका बड़े काम का है.
प्याज के छिलके को घर में लगे छोटे-बड़े पौधों के लिए उर्वरक के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे पौधों में ठंडक बनी रहती है और गर्मी में कम पानी मिलने पर भी पौधों को कोई कमी नहीं होती. इसके अलावा, पौधे हरे-भरे रहते हैं और भीषण गर्मी में भी स्वस्थ बने रहते हैं.
सागर में पिछले 12-15 साल से पर्यावरण के लिए काम कर रहे महेश तिवारी इस विधि का उपयोग कर रहे हैं. उन्हें इसके बेहतरीन परिणाम मिले हैं. उन्होंने अपने पड़ोसियों और स्कूल-कॉलेज के बच्चों को भी यह तरीका सिखाया है. उनके पड़ोसी और छात्र भी इस विधि का उपयोग कर अपने किचन गार्डन और अन्य पौधों को संरक्षित कर रहे हैं
महेश तिवारी बताते हैं कि सबसे पहले एक गिलास पानी में प्याज का छिलका डालकर 24 घंटे के लिए छोड़ दें. इसके बाद 1 लीटर पानी में 10-20 ग्राम प्याज के छिलके वाला पानी मिलाकर पौधों में डालें. इससे पौधे हमेशा हरे-भरे रहते हैं. प्याज में फास्फोरस, पोटेशियम, मैग्निशियम और कैल्शियम होते हैं, जो मिट्टी को स्वस्थ रखते हैं और पौधों को मजबूत बनाते हैं.